2027 चुनाव, बेरोजगारी, महंगाई, विदेश नीति, किसानों और एनकाउंटर के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरा
कासगंज/लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कासगंज में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उर्मिला गार्डन के उद्घाटन समारोह में पहुंचे सपा प्रमुख ने पूर्व सांसद कुंवर देवेंद्र सिंह यादव की पार्टी में वापसी कराई और जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र एवं प्रदेश सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा। अपने संबोधन में अखिलेश यादव ने 2027 के विधानसभा चुनाव, बेरोजगारी, महंगाई, विदेश नीति, किसानों की समस्याओं, स्मार्ट मीटर, जातीय जनगणना और कथित फर्जी एनकाउंटर जैसे मुद्दों को उठाते हुए भाजपा सरकार को कठघरे में खड़ा किया।
“2027 हार गए तो फिर चुनाव नहीं देख पाओगे”
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव लोकतंत्र के लिए निर्णायक साबित होगा। उन्होंने कहा कि यदि उत्तर प्रदेश में लोकतांत्रिक प्रक्रिया को नुकसान पहुंचा तो भविष्य में चुनावी व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करें और गांव-गांव जाकर मतदाता सूची को दुरुस्त कराने का काम करें।
युवाओं को रोजगार देने में विफल रही सरकार
सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार और नौकरी उपलब्ध कराने में असफल रही है। उन्होंने कहा कि यदि समाजवादी पार्टी की सरकार होती तो बड़े पैमाने पर युवाओं को रोजगार से जोड़ने का कार्य किया जाता। उन्होंने कहा कि प्रदेश का नौजवान आज रोजगार के लिए भटक रहा है, जबकि सरकार रोजगार सृजन के दावों तक सीमित है।
स्मार्ट सिटी नहीं, स्मार्ट मीटर से हो रही वसूली
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार स्मार्ट सिटी का सपना पूरा नहीं कर सकी, लेकिन स्मार्ट बिजली मीटर लगाकर जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई से आम आदमी पहले ही परेशान है और अब बिजली व्यवस्था भी लोगों के लिए चिंता का विषय बनती जा रही है।
पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण पर उठाए सवाल
महंगाई के मुद्दे को उठाते हुए उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण की नीति पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि इससे आम लोगों के वाहनों के इंजन प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा, “पेट्रोल में मिलावट से लोगों की गाड़ियां खराब हो रही हैं।डीजल-पेट्रोल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं और सरकार इस पर नियंत्रण नहीं कर पा रही है।”
“अमेरिका जो कहता है, भारत मान लेता है”
विदेश नीति पर केंद्र सरकार को घेरते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भारत दुनिया का बड़ा बाजार है, लेकिन देश की आर्थिक और व्यापारिक नीतियां अमेरिका के प्रभाव में तैयार की जा रही हैं।उन्होंने कहा, “आपने विश्व गुरु बनने का अवसर खो दिया। आज अमेरिका जो कहता है, भारत उसे स्वीकार कर लेता है। भाजपा के लोग मुंह से स्वदेशी और मन से विदेशी हैं।”उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने देश का बाजार विदेशी ताकतों के प्रभाव में गिरवी रखने का काम किया है।
किसानों के लिए नहीं बनी नई मंडियां
किसानों के मुद्दे पर बोलते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि वर्तमान सरकार ने किसानों के हित में नई मंडियों का निर्माण नहीं कराया। उन्होंने कहा कि यदि किसानों को बेहतर बाजार व्यवस्था और अधिकार मिले होते तो प्रदेश की अर्थव्यवस्था और मजबूत होती। उन्होंने आरोप लगाया कि कृषि क्षेत्र की उपेक्षा के कारण किसान अपनी उपज का उचित मूल्य प्राप्त नहीं कर पा रहे हैं।
स्कूल बंद, शराब की दुकानें खुल रहीं
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेश में सरकारी प्राथमिक विद्यालयों को बंद किया जा रहा है जबकि शराब की दुकानों का विस्तार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मूलभूत क्षेत्रों पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
PDA और जातीय जनगणना का मुद्दा उठाया
सपा प्रमुख ने कहा कि PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) की एकजुटता का असर है कि भाजपा को भी जातीय जनगणना के मुद्दे को स्वीकार करना पड़ा है।उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों के अधिकारों और आरक्षण को कमजोर करने का प्रयास किया है।
एनकाउंटर पर घेरा सरकार को
प्रदेश में हुए पुलिस एनकाउंटरों पर सवाल उठाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर कथित फर्जी एनकाउंटरों की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर किया वादा
उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है, तो एंबुलेंस सेवाओं को और मजबूत किया जाएगा तथा गरीबों को बेहतर और मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी
संगठन को चुनावी तैयारी का संदेश
जनसभा के अंत में सपा प्रमुख ने कार्यकर्ताओं से 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और मतदाता सूची की शुद्धता ही चुनावी सफलता की कुंजी होगी।
