जीरो टॉलरेंस नीति का असर, 21 इनामी बदमाश दबोचे गए, 129 अपराधी मुठभेड़ों में घायल, दो कुख्यात अपराधियों की मौत
बरेली : उत्तर प्रदेश सरकार की अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बरेली परिक्षेत्र पुलिस ने पिछले आठ महीनों में अपराधियों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) अजय कुमार साहनी के निर्देशन में बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर जिलों में गंभीर अपराधों में संलिप्त वांछित, इनामी और दुर्दांत अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की गई। पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार 1 अक्टूबर, 2025 से 31 मई 2026 तक कुल 98 पुलिस मुठभेड़ और विशेष अभियान चलाए गए। जिनमें 175 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। आत्मरक्षा में की गई पुलिस कार्रवाई के दौरान 129 अपराधी घायल हुए, जबकि दो कुख्यात अपराधियों की मौत हुई। इस दौरान 39 पुलिसकर्मी भी घायल हुए। पुलिस ने 21 इनामी अपराधियों को गिरफ्तार करने के साथ ही उनके कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस और लूट-डकैती से संबंधित माल भी बरामद किया।
गैंगस्टर एक्ट के तहत 83 अपराधी गिरफ्तार, 5 करोड़ की संपत्ति जब्त
परिक्षेत्र में संगठित अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए गैंगस्टर एक्ट के तहत भी बड़े पैमाने पर कार्रवाई की गई। पिछले आठ महीनों में कुल 23 मुकदमे गैंगस्टर एक्ट में दर्ज किए गए और 83 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। वहीं अपराध से अर्जित करीब 4.98 करोड़ रुपये की संपत्ति को जब्त करने की कार्रवाई भी की गई।
बरेली जिले में सबसे ज्यादा पुलिस कार्रवाई
चारों जिलों में सबसे अधिक कार्रवाई बरेली जिले में हुई। यहां 44 पुलिस मुठभेड़ और विशेष अभियान चलाए गए, जिनमें 76 अभियुक्त गिरफ्तार हुए। 57 अपराधी घायल हुए और दो कुख्यात अपराधियों की मौत हुई। इसके अलावा 27 पुलिसकर्मी घायल हुए तथा चार इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। बदायूं में 27 मुठभेड़ों में 53 अभियुक्त गिरफ्तार किए गए और 38 अपराधी घायल हुए। सात इनामी अपराधियों को पकड़ा गया तथा एचपीसीएल प्लांट हत्याकांड के एक आरोपी पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई की गई। पीलीभीत में 14 पुलिस कार्रवाइयों के दौरान 22 अभियुक्त गिरफ्तार किए गए, जबकि शाहजहांपुर में 13 मुठभेड़ों में 24 अपराधियों को दबोचा गया।
एक लाख के इनामी इफ्तेकार का हुआ अंत
बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में 9 अक्टूबर 2025 को हुई मुठभेड़ में एक लाख रुपये के इनामी अपराधी इफ्तेकार उर्फ धूम उर्फ लड्डे समेत कई नामों से कुख्यात बदमाश मारा गया था। उसके खिलाफ प्रदेश के सात जिलों में हत्या, डकैती समेत 19 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। पुलिस ने उसके कब्जे से पिस्टल, कारतूस, नकदी, मोबाइल फोन और बाइक बरामद की थी।
दोहरे हत्याकांड के आरोपी अफसर खां की भी मुठभेड़ में मौत
17 मार्च 2026 को इज्जतनगर थाना क्षेत्र में अपनी सास और साले की नृशंस हत्या तथा पत्नी को गंभीर रूप से घायल करने वाले आजीवन कारावास से दंडित अपराधी अफसर खां उर्फ बोरा की पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मौत हो गई थी। पुलिस ने उसके पास से पिस्टल, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त खून लगा चाकू बरामद किया था।
एचपीसीएल प्लांट हत्याकांड में भी सख्त कार्रवाई
बदायूं के चर्चित एचपीसीएल प्लांट दोहरा हत्याकांड में मुख्य आरोपी अजय प्रताप सिंह को मार्च 2026 में पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया था। पुलिस कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी थी। बाद में उसके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) भी लगाया गया। मामले में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी अभय प्रताप सिंह को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर मुठभेड़ के दौरान घायल किया था।
कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को नहीं मिलेगी राहत
डीआईजी बरेली अजय कुमार साहनी ने कहा कि परिक्षेत्र में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की टीमें पूरी मुस्तैदी से काम कर रही हैं और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
