ईईएसएल मेक स्मार्ट मीटरों की जगह लगेंगे नए आधुनिक पोस्टपेड स्मार्ट मीटर, उपभोक्ताओं से नहीं लिया जाएगा कोई शुल्क
लखनऊ : यूपी की राजधानी लखनऊ, बरेली और बाराबंकी के बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। पूर्व में लगाए गए ईईएसएल (EESL) मेक पोस्टपेड स्मार्ट मीटरों के संचालन एवं अनुरक्षण अनुबंध की अवधि समाप्त होने के चलते अब उनकी जगह नए और आधुनिक पोस्टपेड स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। यह कार्य भारत सरकार की महत्वाकांक्षी रिवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (RDSS) के तहत चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम (मध्यांचल डिस्कॉम) के अनुसार मीटर बदलने का कार्य कार्यदायी संस्थाओं इंटैलीस्मार्ट और पोलारिस द्वारा किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया निर्धारित सुरक्षा मानकों और पारदर्शिता के साथ संपन्न होगी। बिजली विभाग ने स्पष्ट किया है कि मीटर बदलने के लिए उपभोक्ताओं से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा और न ही उन्हें किसी अतिरिक्त औपचारिकता को पूरा करने की आवश्यकता होगी।
अधिकृत तकनीकी टीमें तय
इस कार्यक्रम के अनुसार उपभोक्ताओं के घरों और प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर पुराने स्मार्ट मीटरों को बदलेंगी। विभाग ने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि समयबद्ध तरीके से मीटर प्रतिस्थापन कार्य पूरा होने से अनुबंध समाप्ति के बाद भी बिलिंग व्यवस्था सुचारू बनी रहेगी और उपभोक्ताओं को समय पर बिजली बिल प्राप्त होते रहेंगे।
