तिलहर में ट्रक से टकराई रोडवेज बस, चालक की मौत, छह यात्री घायल, बरेली में चक्का जाम जैसा माहौल
शाहजहांपुर : लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने बरेली रोडवेज कर्मचारियों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया। तिलहर क्षेत्र में धनेली पल्तू गांव के पास रोहिलखंड डिपो की रोडवेज बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई।जिसमें बस चालक प्रमोद (30 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि करीब छह यात्री घायल हो गए।इस घटना के बाद बरेली में संविदा चालकों और परिचालकों ने बस संचालन रोककर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
देर रात हुआ हादसा, चालक की मौके पर मौत
जानकारी के अनुसार हादस बुधवार रात करीब 1:40 बजे हुआ। रोहिलखंड डिपो की बस दिल्ली की ओर जा रही थी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाईवे पर आगे चल रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। जिससे पीछे आ रही बस अनियंत्रित होकर ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक प्रमोद की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना की सूचना मिलते ही 112 पीआरवी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। यहां उनका उपचार जारी है।पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
चालक की मौत के बाद बरेली में भड़का आक्रोश
हादसे की खबर बरेली पहुंचते ही रोडवेज के संविदा चालकों और परिचालकों में नाराजगी फैल गई।गुरुवार सुबह से ही बरेली के सेटेलाइट बस अड्डे और अन्य डिपो पर बसों का संचालन प्रभावित हो गया। कर्मचारियों ने मृतक चालक को न्याय दिलाने और सुरक्षा मानकों के पालन की मांग को लेकर बसें खड़ी कर दीं। कर्मचारियों का कहना है कि लंबी दूरी के रूटों पर नियम के अनुसार दो चालक तैनात किए जाने चाहिए, लेकिन कई बार केवल एक चालक के भरोसे बसें संचालित कराई जाती हैं। उनका आरोप है कि लगातार ड्यूटी और पर्याप्त आराम न मिलने के कारण चालक थकान का शिकार हो जाते हैं। इससे हादसों की आशंका बढ़ जाती है।
दो चालक न होने पर उठे सवाल
प्रदर्शन कर रहे चालकों ने दावा किया कि दुर्घटनाग्रस्त बस में भी केवल एक चालक था। उनका कहना है कि यदि नियमानुसार दूसरा चालक मौजूद होता तो हादसे की संभावना कम हो सकती थी। कर्मचारियों ने रोडवेज प्रशासन से चालक एवं परिचालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, लंबी दूरी के रूटों पर दो चालक अनिवार्य रूप से तैनात करने और मृतक चालक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
यात्रियों को हुई भारी परेशानी
बस संचालन बंद होने से सुबह से ही बरेली के बस अड्डों पर यात्रियों की भीड़ लग गई। कई यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा, जबकि कुछ लोगों को निजी वाहनों और अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ा। अचानक बस सेवा प्रभावित होने से दिल्ली, लखनऊ, शाहजहांपुर और आसपास के जिलों की यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
प्रशासन ने शुरू की वार्ता
रोहिलखंड डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक अरुण कुमार बाजपेयी ने मीडिया को बताया कि बस संचालन सामान्य करने के लिए रोडवेज यूनियन के पदाधिकारियों से लगातार वार्ता की जा रही है।उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगों पर चर्चा की जा रही है और जल्द ही समाधान निकालकर बस सेवा बहाल कराने का प्रयास किया जाएगा।
