5 चोरियों का खुला राज, इंस्पेक्टर संजय धीर ने शातिर चोर को किया गिरफ्तार
बरेली : जिले में लगातार हो रही चोरी की वारदातों के बीच थाना कैण्ट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। प्रभारी निरीक्षक संजय धीर के नेतृत्व में थाना कैण्ट पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई कर कुख्यात ‘पंखिया गैंग’ के एक शातिर सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और चोरी के माल को बेचकर हासिल किए गए 1.82 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी ने पूछताछ में कैण्ट और सुभाषनगर क्षेत्र में हुई कई चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
पांच चोरी की घटनाओं का खुलासा
पुलिस के अनुसार, हाल ही में कैण्ट क्षेत्र के रामेश्वर धाम कॉलोनी, ग्राम चौबारी और बालाजी धाम कॉलोनी में चोरी की घटनाओं की जांच की जा रही थी। इन मामलों में मकानों के ताले तोड़कर या छत के रास्ते घरों में घुसकर नकदी और सोने -चांदी के आभूषण चोरी किए गए थे। जांच के दौरान सामने आए सुरागों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई कर पांच मामलों का सफल अनावरण कर दिया।
मुखबिर की सूचना पर शातिर चोर गिरफ्तार
थाना कैण्ट पुलिस को 9 और 10 जून की रात मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटनाओं में शामिल एक आरोपी क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने एपेक्स हॉस्पिटल से करेली जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर सलमान, निवासी ग्राम मिलक थाना सुभाषनगर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस और 1 लाख 82 हजार रुपये नकद बरामद हुए।
ऐसे करता था रेकी, साथियों के साथ देता था वारदात को अंजाम
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह टाइल्स और पत्थर लगाने का काम करता था। इसी बहाने वह उन मकानों की रेकी करता था। यहां नकदी और कीमती सामान होने की संभावना होती थी। इसके बाद वह अपने साथियों अफरीद, मुजाहिद, कादिम रसूल और अमीर खान उर्फ मारुती के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।आरोपी ने बताया कि उनका गिरोह ‘पंखिया गैंग’ के नाम से जाना जाता है और उन्होंने बरेली समेत कई जिलों में वारदातें की हैं।
फरार साथियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। बरामद अवैध हथियार के आधार पर उसके खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत नया मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं चोरी के मामलों में भी संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस अब गैंग के अन्य फरार सदस्यों की गिरफ्तारी और चोरी के शेष माल की बरामदगी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
