गाजीपुर : उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के सैदपुर कोतवाली क्षेत्र में रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। शरीफपुर स्थित हाईवे अंडरपास के नीचे तेज रफ्तार यात्री बस ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में दो महिलाओं और दो महीने की एक मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि मिर्जापुर जिले के अदलहाट थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव निवासी प्रतीक गिरि अपने परिवार के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। उनके साथ पत्नी काजल गिरि, दो महीने की बेटी शेजल, एक वर्षीय बेटी श्रेया और भाभी रितु देवी भी मौजूद थीं। परिवार आजमगढ़ से अपने गांव वापस लौट रहा था। जैसे ही उनकी बाइक सैदपुर के शरीफपुर अंडरपास के नीचे पहुंची, पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार यात्री बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सभी लोग सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान बस चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सड़क पर गिरी महिलाओं को कुचलते हुए आगे निकल गया। हादसे में काजल गिरि और रितु देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं काजल की गोद में मौजूद दो महीने की मासूम शेजल भी इस दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। गंभीर रूप से घायल प्रतीक गिरि और उनकी एक वर्षीय बेटी श्रेया को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बस की घेराबंदी की और उसे कोतवाली क्षेत्र के पास रोक लिया। इसके बाद बस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई।
जानकारी के मुताबिक मृतक रितु देवी की कोई संतान नहीं थी। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार और रिश्तेदारों में कोहराम मच गया। परिजन तत्काल गाजीपुर के लिए रवाना हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोग भी हादसे की भयावहता को देखकर स्तब्ध हैं। लोगों का कहना है कि हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण इस तरह की दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
इस मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एसपी सिटी राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि बस की चपेट में आने से बाइक सवार दो महिलाओं और एक दो महीने की बच्ची की मौत हुई है। बस और उसके चालक को हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार को गहरा जख्म दे दिया है। एक ही पल में मां, भाभी और दो महीने की मासूम बच्ची की मौत ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
