बरेली : शहर के रामपुर रोड स्थित आनंद विहार कॉलोनी गेट पर स्थित हजरत मुर्तजा हुसैन मोती मियां निजामी एवं हजरत अली कोड़ा शाह बाबा के सालाना उर्स-ए-पाक का आयोजन 3 जून से शुरू होगा।उर्स को लेकर पोस्टर जारी किया गया। इस दौरान खानकाह -ए-निजामिया के गद्दीनशीन मौलाना पाशा मियां निजामी की सरपरस्ती में प्रेस वार्ता आयोजित कर कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई।
3 जून को गुस्ल शरीफ के साथ होगी उर्स की शुरुआत
प्रेस वार्ता में वसी अहमद वारसी ने बताया कि उर्स-ए-पाक की शुरुआत 3 जून को सुबह 10 बजे गुस्ल शरीफ से होगी। दरगाह पर चादरपोशी का सिलसिला जारी रहेगा। बाद नमाज-ए-असर शाम 5:30 बजे महफिल-ए-शमां का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद रंग शरीफ का नजराना पेश होगा। शाम 6:30 बजे बारगाह-ए-इलाही में हजरत मोती मियां निजामी नियाजी के कुल शरीफ की फातिहा अदा की जाएगी।
4 जून को होगा कोड़ा शाह बाबा का कुल शरीफ
उन्होंने बताया कि 4 जून को नमाज-ए-फज्र के बाद मजार शरीफ पर कुरानखानी, गुस्ल शरीफ और संदल पेश किया जाएगा। शाम 5:30 बजे महफिल-ए-शमां का आयोजन होगा। इसके बाद रंग शरीफ पेश किया जाएगा और शाम 6:30 बजे हजरत अली कोड़ा शाह बाबा के कुल शरीफ की फातिहा अदा की जाएगी। बड़ी संख्या में अकीदतमंदों के शामिल होने की संभावना है।
5 जून को चादरपोशी
उर्स के अंतिम दिन 5 जून को ननमाज-ए-फज्र के बाद कुरानखानी का आयोजन होगा। दिनभर दरगाह पर चादरपोशी और गुलपोशी का सिलसिला जारी रहेगा। इस दौरान हजरत पाशा मियां निजामी साहब मुरीदों और अकीदतमंदों को सरकार गौसे आजम के तबर्रुकात की जियारत भी कराएंगे।
तैयारियां पूरी, सेवा ट्रस्ट कमेटी को सौंपी गई जिम्मेदारियां
आयोजकों ने बताया कि उर्स-ए-पाक की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए निजामी सेवा ट्रस्ट कमेटी का गठन कर विभिन्न जिम्मेदारियां पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सौंप दी गई हैं। इस दौरान वसी अहमद वारसी, शादाब कुरैशी, रिजवान नियाजी, सलीम रजा, सलमान शम्शी, खुसरो निजामी, शाजेब अली खान, इब्राहिम निजामी, मोहम्मद कासिम कुरैशी, सैयद आरिफ अली, कामरान हुसैन, अली मियां, फैजान मोइन चिश्ती, असीम नियाजी, अनस नियाजी, अमान हुसैन, फिरोज नियाजी, फैजी निजामी और शम्मू खान समेत बड़ी संख्या में अकीदतमंद मौजूद रहे।
