बरेली: यूपी के बरेली देहात के सिरौली थाना क्षेत्र के बरसेर सिकंदरपुर गांव से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पिता पर अपनी ही बेटी की हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पिता महेंद्र ने अपने दोनों बेटों अमन और आकाश के साथ मिलकर बेटी कान्ति की गला दबाकर हत्या कर दी। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और हत्या में इस्तेमाल किया गया लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया।
शिकायत के बाद पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
पुलिस के अनुसार महक सिंह ने सिरौली थाने में शिकायत देकर आरोप लगाया कि महेंद्र और उसके दोनों बेटों अमन व आकाश ने मिलकर कान्ति की हत्या की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या से जुड़ी धाराओं में केस दर्ज किया गया।
मुखबिर की सूचना पर तीनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या के आरोपी महेंद्र, अमन और आकाश महादेवी कन्या जूनियर हाईस्कूल के पास कहीं जाने की फिराक में खड़े हैं। सूचना के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया लकड़ी का डंडा भी बरामद किया। फिलहाल आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में यह बात आई सामने
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी महेंद्र ने बताया कि उसकी बेटी किसी लड़के से मोबाइल पर बात करती थी, जिसे लेकर वह नाराज था। उसने कई बार बेटी को समझाने की बात कही। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि इसी बात को लेकर घर में विवाद हुआ और बाद में गुस्से में आकर तीनों ने उसकी पिटाई की। पुलिस का कहना है कि जांच और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है।
