मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत लाभार्थियों को जनप्रतिनिधियों ने सौंपे चेक
बरेली : मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत कलेक्ट्रेट सभागार में कृषक दुर्घटना बीमा लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने मृतक एवं दिव्यांग कृषकों के आश्रितों को आर्थिक सहायता प्रदान की। इस दौरान 137 लाभार्थियों को कुल 6.73 करोड़ रुपये की सहायता राशि वितरित की गई। कार्यक्रम में पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह, वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधान परिषद सदस्य बहोरन लाल मौर्य, विधायक मीरगंज डॉ. डीसी वर्मा, विधायक बिथरी चैनपुर डॉ. राघवेंद्र शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा और भाजपा जिलाध्यक्ष आंवला आदेश प्रताप सिंह मौजूद रहे।

किसानों को सीधा ऑनलाइन लाभ दे रही सरकार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना 14 सितंबर 2019 से लागू है, और इसके तहत किसानों को सीधे ऑनलाइन माध्यम से सहायता राशि दी जा रही है। उन्होंने बताया कि यह योजना 18 से 70 वर्ष आयु वर्ग के कृषकों, सहखातेदारों, कृषि पर आश्रित परिवारों और पट्टे या बटाई पर खेती करने वाले भूमिहीन किसानों के लिए लागू है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में मृत्यु या पूर्ण दिव्यांगता की स्थिति में पांच लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाती है। वहीं आंशिक स्थायी दिव्यांगता की स्थिति में 1.25 लाख से 2.50 लाख रुपये तक की सहायता राशि का प्रावधान है।

1496 कृषक परिवारों को मिल चुकी सहायता
डीएम अविनाश सिंह ने बताया कि योजना के तहत आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन और सरल बनाई गई है। उन्होंने कहा कि योजना शुरू होने से अब तक जनपद बरेली में 1496 मृतक कृषकों के आश्रितों को 72.478 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में 137 मृतक एवं दिव्यांग कृषकों के आश्रितों को 6.73 करोड़ रुपये की सहायता राशि वितरित की गई।
90 दिन के भीतर करना होगा आवेदन
अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना में मृत्यु या दिव्यांगता होने पर वारिसों को संबंधित तहसील में 90 दिन के भीतर आवेदन करना होगा। विशेष परिस्थितियों में डीएम की अनुमति से 180 दिन तक आवेदन स्वीकार किया जा सकता है।कार्यक्रम में एडीएम ई पूर्णिमा सिंह, एडीएम फाइनेंस संतोष कुमार सिंह, एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी, एसडीएम सदर समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
