बरेली : पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शनिवार को एक बार फिर ईंधन के दाम बढ़ने से बरेली मंडल के कई जिलों में महंगाई का असर साफ दिखाई देने लगा। बीते दस दिनों में यह तीसरी बार है, जब तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए हैं। लगातार बढ़ रही कीमतों से परिवहन, खेती और घरेलू बजट पर सीधा असर पड़ रहा है। ताजा बढ़ोतरी के बाद बरेली में पेट्रोल 99.39 रुपये प्रति लीटर और डीजल 92.75 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। वहीं शाहजहांपुर में पेट्रोल 86 पैसे और डीजल 92 पैसे महंगा हुआ है। अब वहां पेट्रोल 99.12 रुपये और डीजल 92.50 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। पीलीभीत में भी पेट्रोल 86 पैसे बढ़कर 99.75 रुपये और डीजल 92 पैसे बढ़कर 93.11 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है।
खेती-किसानी पर बढ़ा दबाव, पंपसेट चलाना होगा महंगा
डीजल की बढ़ती कीमतों ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। धान की रोपाई का समय नजदीक होने के कारण किसान पहले से ही सिंचाई की तैयारी में जुटे हैं। आंवला निवासी किसान राजेश कुमार ने बताया कि बिजली कटौती के दौरान खेतों में डीजल पंपसेट का सहारा लेना पड़ता है। ऐसे में डीजल महंगा होने से खेती की लागत बढ़ जाएगी और किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।शाहजहांपुर और पीलीभीत के ग्रामीण इलाकों में किसान भविष्य में और दाम बढ़ने की आशंका के चलते पहले से डीजल खरीद रहे हैं। कई पेट्रोल पंपों पर लंबी लाइनें देखने को मिलीं। पीलीभीत के न्यूरिया क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप पर किसानों की भीड़ इतनी बढ़ गई कि संचालक को लाइन लगवाकर व्यवस्था संभालनी पड़ी।
वाहन चालकों और आम जनता की जेब पर असर
लगातार बढ़ती कीमतों से वाहन चालकों की परेशानी भी बढ़ गई है। बरेली शहर निवासी ऑटो मैकेनिक वेदराम ने कहा कि पेट्रोल और डीजल महंगा होने से बाइक और कार चलाना अब पहले से ज्यादा खर्चीला हो गया है। रोजमर्रा के खर्चों पर इसका असर साफ दिखाई दे रहा है। वहीं वैन चालक सुमति ने बताया कि डीजल के दाम बढ़ने के बाद मजबूरी में किराया बढ़ाना पड़ा है। उन्होंने कहा कि यदि किराया नहीं बढ़ाया जाए तो वाहन चलाना घाटे का सौदा हो जाएगा।
महंगाई की नई मार, जरूरी सामान भी हो सकते हैं महंगे
आर्थिक जानकारों का कहना है कि ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी का असर सिर्फ वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहता। परिवहन लागत बढ़ने से खाद्य पदार्थ, सब्जियां, दूध और अन्य जरूरी सामान भी महंगे हो जाते हैं। इसका सीधा असर आम जनता के घरेलू बजट पर पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले ही रसोई और घरेलू खर्च बढ़ चुके हैं, ऐसे में पेट्रोल -डीजल के बढ़ते दाम ने आम परिवारों की चिंता और बढ़ा दी है।
बिक्री पर भी पड़ा असर
पेट्रोल पंप संचालक एवं पूर्व विधायक विजयपाल सिंह ने बताया कि कीमतें बढ़ने के बाद बिक्री में गिरावट दर्ज की गई है। लोग अब जरूरत के हिसाब से ही ईंधन खरीद रहे हैं। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती कीमतों का असर बाजार और उपभोक्ताओं दोनों पर दिखाई दे रहा है।
बरेली मंडल में नई कीमतें
बरेली में पेट्रोल 99.39 रुपये, डीजल 92.75 रुपये प्रति लीटर, शाहजहांपुर में पेट्रोल 99.12 रुपये, डीजल 92.50 रुपये प्रति लीटर, पीलीभीत में पेट्रोल 99.75 रुपये, डीजल 93.11 रुपये प्रति लीटर है।
