SSP का बड़ा प्रशासनिक एक्शन, कई थानों की बदली कमान
बरेली : यूपी के बरेली पुलिस विभाग में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसप) अनुराग आर्य ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। एसएसपी के आदेश पर जिले में 11 निरीक्षक और उपनिरीक्षकों के तबादले किए गए हैं। जारी आदेश के मुताबिक कई अहम थानों और शाखाओं में नई तैनाती की गई है।इस फेरबदल को कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और प्रशासनिक संतुलन से जोड़कर देखा जा रहा है। 23 मई 2026 को जारी आदेश में सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
भोजीपुरा से राजीव कुमार सिंह बने शहर कोतवाल
इस फेरबदल में सबसे चर्चित बदलाव शहर कोतवाली में हुआ है।भोजीपुरा थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह को अब कोतवाली प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं कोतवाली में तैनात निरीक्षक धनंजय कुमार पाण्डेय को साइबर थाना प्रभारी बनाया गया है। साइबर थाना संभाल रहे निरीक्षक कुंवर बहादुर सिंह को भोजीपुरा थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।
कई थानों की बदली कमान
एसएसपी के आदेश में कई अन्य अहम बदलाव भी किए गए हैं।किला थाना प्रभारी उपनिरीक्षक संतोष कुमार सिंह को आंवला थाने भेजा गया है। रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात उपनिरीक्षक अचल कुमार को किला थाना प्रभारी बनाया गया है। अपराध शाखा शीशगढ़ में तैनात निरीक्षक राजकुमार सिंह को फतेहगंज पूर्वी का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। वहीं फतेहगंज पूर्वी से निरीक्षक संतोष कुमार को हटाकर हाफिजगंज थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।
शिकायत प्रकोष्ठ और सर्विलांस सेल में भी बदलाव
हाफिजगंज थाना प्रभारी रहे निरीक्षक प्रवीण कुमार सोलंकी को शिकायत प्रकोष्ठ/आईजीआरएस भेजा गया है। शिकायत प्रकोष्ठ में तैनात निरीक्षक रवि कुमार को मीरगंज थाना प्रभारी बनाया गया है। मीरगंज प्रभारी निरीक्षक संजय तोमर को सर्विलांस सेल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं फतेहगंज पश्चिमी में तैनात उपनिरीक्षक प्रयागराज सिंह को बहेड़ी थाने में वरिष्ठ उपनिरीक्षक बनाया गया है।
तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश
एसएसपी कार्यालय की ओर से जारी आदेश में साफ निर्देश दिए गए हैं कि सभी स्थानांतरित अधिकारी तत्काल प्रभाव से नई तैनाती पर पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करें और अनुपालन रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। पुलिस विभाग में हुए इस बड़े फेरबदल को आगामी कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

