पंजाब जा रहे थे मजदूरी करने, सड़क किनारे खड़े चौकीदार पर ट्रक पलटा
बरेली : यूपी के बरेली देहात के फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात दिल्ली नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। रबर फैक्ट्री कॉलोनी गेट के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने सामने चल रहे जुगाड़ वाहन को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।हादसा इतना जबरदस्त था कि जुगाड़ वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। यहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में एक मासूम बच्ची समेत दो लोग घायल हैं, जिनका इलाज जारी है।
शाहजहांपुर से पंजाब जा रहे थे मजदूर
जानकारी के अनुसार शाहजहांपुर जिले के थाना निगोही क्षेत्र के गांव ईसापुर निवासी लेखपाल (14वर्ष), राम (24 वर्ष), सोमपाल और तीन वर्षीय मासूम पारो जुगाड़ वाहन से पंजाब मजदूरी करने जा रहे थे। देर रात जब उनका वाहन फतेहगंज पश्चिमी इलाके में रबर फैक्ट्री कॉलोनी गेट के पास पहुंचा, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने लेखपाल और राम को मृत घोषित कर दिया, जबकि सोमपाल और मासूम पारो का इलाज चल रहा है।
ट्रक चालक हिरासत में, जांच में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने मोडिया को बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है। ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। गांव में जैसे ही हादसे की खबर पहुंची, परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
आंवला में भी दर्दनाक हादसा, सड़क किनारे खड़े चौकीदार पर पलटा ट्रक, मौत
बरेली जिले के आंवला क्षेत्र में भी शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसे में चौकीदार की जान चली गई। बदायूं रोड स्थित धर्मपुर गांव में सड़क किनारे खड़े चौकीदार पर अचानक एक ट्रक पलट गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक कटसारी निवासी कोमिलपाल (56 वर्ष) धर्मपुर गांव स्थित एक आढ़त पर चौकीदारी करते थे। शुक्रवार रात करीब नौ बजे वह आढ़त के बाहर सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान बदायूं की ओर से आ रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया और कोमिलपाल उसकी चपेट में आ गए। हादसे की तेज आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर दौड़े और काफी मशक्कत के बाद उन्हें ट्रक के नीचे से बाहर निकाला। गंभीर हालत में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आंवला ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिवार में मचा कोहराम
कोमिल पाल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से हादसे वाले मार्ग पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने और तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है।
