सपा प्रमुख ने कहा- जनता के भविष्य का चुनाव होगा 2027, कॉकरोच कहे आज का, नहीं चाहिए भाजपा!”
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने एक बार फिर सोशल मीडिया के जरिए भाजपा और उसके समर्थकों पर तंज कसा है। इस बार सपा प्रमुख ने “मेलोडी” टॉफ़ी की तस्वीर साझा करते हुए लिखा- “चाटुकारिता की भी रैंकिंग आती है क्या?” उनके इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर राजनीतिक बहस तेज हो गई। अखिलेश यादव का यह ट्वीट ऐसे समय आया है जब प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी और सोशल मीडिया वार लगातार तेज हो रहे हैं। हालांकि, उन्होंने अपने पोस्ट में किसी व्यक्ति या पार्टी का नाम नहीं लिया, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसे भाजपा समर्थकों और नेताओं पर कटाक्ष के तौर पर देखा जा रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ पोस्ट
सपा प्रमुख का यह पोस्ट कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। समर्थकों और विरोधियों की ओर से इस पर जमकर प्रतिक्रियाएं आने लगीं। कई यूजर्स ने इसे राजनीतिक व्यंग्य बताया, जबकि कुछ लोगों ने इसे मौजूदा राजनीतिक माहौल पर तंज माना।अखिलेश यादव इससे पहले भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बिजली संकट, कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों पर योगी सरकार को घेरते रहे हैं। हाल के दिनों में उनके कई व्यंग्यात्मक पोस्ट चर्चा में रहे हैं।
“कॉकरोच कहे आज का, नहीं चाहिए भाजपा!”
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक बार फिर सोशल मीडिया के जरिए भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। इस बार सपा प्रमुख ने मथुरा नगर निगम से जुड़े कथित कॉकरोच वीडियो को साझा करते हुए लिखा- “कॉकरोच कहे आज का, नहीं चाहिए भाजपा!” अखिलेश यादव का यह ट्वीट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। माना जा रहा है कि उन्होंने नगर निगम की व्यवस्थाओं और भाजपा सरकार पर व्यंग्य करते हुए यह टिप्पणी की है। हालांकि पोस्ट में किसी व्यक्ति का नाम नहीं लिया गया, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसे भाजपा पर सीधा हमला माना जा रहा है।

“जनता के भविष्य का चुनाव होगा 2027”
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने सपा मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं की बैठक के जरिए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। सपा प्रमुख ने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव “जनता के भविष्य का चुनाव” होगा और भाजपा को अपने दो कार्यकाल का हिसाब देना पड़ेगा। अखिलेश यादव ने भाजपा पर पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सामाजिक न्याय विरोधी पार्टी है और आरक्षण की लूट कर पीडीए का हक छीन रही है। उन्होंने दावा किया कि जनता और पूरा पीडीए समाज समाजवादी पार्टी के साथ खड़ा है।
बिजली संकट पर सरकार को घेरा
सपा प्रमुख ने प्रदेश में बिजली संकट को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि भाजपा सरकार बिजली की मांग और दाम तो बढ़ा रही है,लेकिन आपूर्ति नहीं बढ़ा पा रही। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर सरकार नए पावर प्लांट नहीं लगा सकती तो कम से कम उसका नाम लेकर ही जनता को राहत दे देती।
कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर सवाल
अखिलेश यादव ने महिला सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री पर भी हमला बोला। उन्होंने एक वीडियो साझा करते हुए लिखा, “मुख्यमंत्री जी बंद आंखें खोलो, आंकड़े देखो, कानून व्यवस्था पर लंबी-लंबी न फेंको।” इसके अलावा उन्होंने कई अन्य पोस्ट में भाजपा सरकार पर व्यंग्यात्मक टिप्पणियां भी कीं, जिनमें बिजली संकट, गांवों की स्थिति और राजनीतिक चाटुकारिता जैसे मुद्दों को उठाया गया।
भाजपा को बताया “गैंग”
लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा कोई राजनीतिक दल नहीं बल्कि “गैंग” बन चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है तथा भाजपा सरकार भ्रष्टाचार का रिकॉर्ड बना चुकी है।सपा प्रमुख ने कार्यकर्ताओं से कहा कि भाजपा आगामी चुनाव को देखते हुए समाजवादी पार्टी को बदनाम करने की कोशिश करेगी, लेकिन इस बार जनता भाजपा की “चालाकी” में नहीं आएगी।
