ई-रिक्शा पलटने से छह माह के बच्चे की गई जान, दवा लेने निकला था परिवार
बरेली : यूपी के बरेली देहात के शेरगढ़ कस्बे में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। शाही -शेरगढ़-बहेड़ी मार्ग पर रम्पुरा पुल के पास एक ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया,जिसमें छह माह के मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बच्चे की मां और नानी भी घायल हो गईं। घटना के बाद परिवार में चीख -पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम का माहौल बन गया।
दवा लेने जा रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार शरीफनगर निवासी इमरता देवी अपने छह माह के बेटे कुश को लेकर दवा दिलाने रामपुर जिले के मिलक जा रही थीं। उनके साथ उनकी मां कोकिला देवी और दो बेटियां आरोही (4 वर्ष) व अभीरा (2 वर्ष) भी थीं। सभी लोग शेरगढ़ से शाही जाने के लिए ई-रिक्शा में सवार हुए थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही ई-रिक्शा रम्पुरा पुल के पास पहुंचा, अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन पलट गया। हादसे के दौरान इमरता देवी की गोद में बैठा मासूम कुश नीचे गिर पड़ा और ई-रिक्शा की छत उसके सिर पर लग गई।
सिर में गंभीर चोट लगने से मासूम की मौत
हादसे में मासूम कुश के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बेटे की मौत के बाद मां इमरता देवी बेसुध हो गईं। उनके पैर में चोट आई है, जबकि नानी कोकिला देवी को भी मामूली चोटें लगी हैं। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ई-रिक्शा को भी अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इकलौते बेटे की मौत से टूटा परिवार
मृतक कुश अपने माता-पिता सुनील कुमार और इमरता देवी का इकलौता बेटा था। परिवार में उसकी दो बड़ी बहनें आरोही और अभीरा हैं। सुनील कुमार मजदूरी कर अपने परिवार का पालन -पोषण करते हैं। परिजनों के मुताबिक, इमरता देवी सोमवार सुबह ही अपने मायके डूंगरपुर आई थीं और मां के साथ बेटे को दवा दिलाने निकली थीं। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि यह सफर परिवार के लिए जिंदगी का सबसे बड़ा दुख बन जाएगा।
अस्पताल में उमड़ी लोगों की भीड़
हादसे की खबर मिलते ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। अस्पताल में मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ई-रिक्शा संचालन और सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
