पीलीभीत : पीलीभीत में भाजपा महिला पदाधिकारी और जनप्रतिनिधियों ने सपा सांसद राजेंद्र लोधी के खिलाफ कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन उनके एक कथित बयान के विरोध में था। लोग बड़ी संख्या में वहां पहुंचे और नारेबाजी की।
लेकिन इस पूरे प्रदर्शन में सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की हुई कि कार्यकर्ता और नेता कई गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंचे। एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पेट्रोल-डीजल बचाने की अपील कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ इतने वाहनों का इस्तेमाल होने पर सवाल उठने लगे। मौके पर कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर कई कारें और गाड़ियां खड़ी दिखीं, जिससे यह मुद्दा और ज्यादा चर्चा में आ गया। कुछ लोगों ने इस पर सवाल उठाया कि जब बचत और ईंधन कम इस्तेमाल की बात होती है तो ऐसे प्रदर्शनों में इतने वाहन क्यों इस्तेमाल किए जाते हैं।
जब मीडिया ने सवाल किया तो प्रदर्शनकारियों ने सफाई दी। कुछ ने कहा कि एक गाड़ी में कई लोग आए थे, इसलिए वाहन ज्यादा नहीं थे। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष दलजीत कौर ने कहा कि वह पैदल चलकर आई थीं और प्रदर्शन सिर्फ सम्मान के मुद्दे को लेकर था। कुल मिलाकर मामला राजनीतिक विरोध से शुरू हुआ था, लेकिन वाहनों के काफिले की वजह से यह अब संदेश और व्यवहार के बीच विरोधाभास को लेकर चर्चा में आ गया है।
रिपोर्ट : ऋतिक द्विवेदी
