सपा प्रमुख का भाजपा सरकार पर बड़ा हमला, “जल जीवन मिशन से लेकर एक्सप्रेसवे तक फैला भ्रष्टाचार”
लखनऊ : यूपी में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार एक बार फिर विपक्ष के निशाने पर आ गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर भाजपा सरकार को अब तक की “सबसे भ्रष्ट सरकार” करार दिया। उन्होंने सीधे आरोप लगाया कि प्रदेश का हर विभाग भ्रष्टाचार की गिरफ्त में है और जनता के पैसे की खुली लूट मची है।
“जल जीवन मिशन से लेकर एक्सप्रेसवे तक फैला भ्रष्टाचार”
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि जल जीवन मिशन जैसी महत्वाकांक्षी योजनाएं भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “हर घर जल पहुंचाने के वादे तो खूब हुए, लेकिन हकीकत यह है कि कहीं भी पानी नहीं पहुंचा। उल्टा, पाइप लाइनें और टंकियां भ्रष्टाचार के बोझ से पहले ही फट रही हैं।”उन्होंने लखीमपुर खीरी और उन्नाव में पानी की टंकियों और पाइपों के परीक्षण के दौरान टूटने की घटनाओं को उदाहरण बताते हुए कहा कि पूरे प्रदेश में यही हाल है।
“भ्रष्टाचार का फव्वारा उड़ा रहा जीरो टॉलरेंस की धज्जियां”
पूर्व सीएम ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के “जीरो टॉलरेंस फॉर करप्शन” नीति पर भी सवाल उठाए और कहा कि “भ्रष्टाचार का फव्वारा मुख्यमंत्री जी के दावों की सच्चाई दिखा रहा है। हर जिले में सरकारी योजनाओं में लूट की तस्वीरें सामने आ रही हैं।
धान खरीद में भारी घोटाले के आरोप
पूर्व मुख्यमंत्री ने धान और गेहूं खरीद में घोटाले का मुद्दा भी उठाया और कहा कि सिद्धार्थनगर सहित कई जिलों में बिना धान खरीदे ही पैसे का बंदरबांट कर लिया गया। उन्होंने कहा कि यह सबकुछ एक संगठित भ्रष्टाचार का हिस्सा है जिसमें अधिकारी से लेकर बड़े नेताओं तक की संलिप्तता है।
“इन्वेस्ट यूपी और एक्सप्रेसवे में कमीशनखोरी”
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इन्वेस्ट यूपी परियोजना पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि निवेश के नाम पर बड़े पैमाने पर कमीशनखोरी की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि निवेशकों से मिलने वाला इंसेंटिव भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहा है कि “ऊपर से नीचे तक कमीशन का बंटवारा हो रहा है। यही वजह है कि जब कमीशन को लेकर आपसी झगड़ा होता है, तब सरकार की पोल खुल जाती है।”
“एक्सप्रेसवे का उद्घाटन होते ही ढह गया”
पूर्व मुख्यमंत्री ने बुंदेलखंड और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे परियोजनाओं में भी भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे का उद्घाटन प्रधानमंत्री द्वारा किए जाने के कुछ ही समय बाद धंस गया, और आज भी उसका मेंटेनेंस चल रहा है। वहीं गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे में भ्रष्टाचार और लूट का गोरखधंधा अभी तक जारी है।
“जनता है तैयार, 2027 में खत्म होगा भाजपा राज”
पूर्व सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता अब भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार, झूठे वादों और लूट से तंग आ चुकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सत्ता से बेदखल करेगी और एक बार फिर समाजवादी पार्टी की विकास और रोजगार पर केंद्रित सरकार बनाएगी।
