बनीखेत/चंबा : हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से सोमवार तड़के एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। भटियात उपमंडल के ककीरा क्षेत्र में पर्यटकों से भरी एक इनोवा क्रिस्टा गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर फैल गई है।
जानकारी के मुताबिक दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी में गुजरात के पर्यटक सवार थे, जो मनाली से डलहौजी घूमने जा रहे थे। बताया जा रहा है कि हादसा सोमवार सुबह करीब तीन बजे हुआ। उस समय क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी और सड़क पर फिसलन भी थी। प्रारंभिक जांच में खराब मौसम और फिसलन को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है।
हादसे का शिकार हुई गाड़ी मंडी नंबर की टैक्सी इनोवा क्रिस्टा थी, जिसमें चालक समेत कुल 10 लोग सवार थे। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि मौके पर ही कई लोगों की मौत हो गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल चार लोगों को मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया गया है। इस हादसे में गुजरात के भावनगर निवासी एक ही परिवार के कई लोगों की जान चली गई। मृतकों में ललितभाई पतनानी, उनकी पत्नी ममताबेन पतनानी, प्रियंक कन्हैयालाल भोपानी, काजल भोपानी, दियान्श और वाहन चालक जसवंत कुमार शामिल हैं। वहीं घायलों में मयंक पतनानी, फोरमबेन पतनानी, तीन वर्षीय जियान्श और प्रियान्शी भोपानी शामिल हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही मृतकों और घायलों के परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया भी जारी है। वहीं हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इस दर्दनाक सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए प्रशासन को घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता देने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए भी प्रार्थना की है।
