लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा सरकार, चुनाव व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “साल लगे या सदी, हम लोग ईवीएम हटाकर रहेंगे।”इसके साथ ही दावा किया कि समाजवादी पार्टी भाजपा को ईवीएम से ही हराएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास कोई सकारात्मक काम नहीं है। यह लोग सिर्फ समाज में नफरत और झगड़े फैलाने की राजनीति करते हैं।
भाजपा चुनाव में सबसे ज्यादा पैसा खर्च करती है!

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनावों में सबसे ज्यादा पैसा खर्च करने वाली पार्टी है।उन्होंने कहा कि “भाजपा से ज्यादा पैसा चुनाव में कोई और पार्टी खर्च नहीं कर सकती।” इसके साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से “मल्टी लेयर इलेक्शन माफिया” के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने की अपील की। अखिलेश यादव ने दावा किया कि भाजपा के लोग फॉर्म-7 भरवाकर समाजवादी पार्टी के वोट कटवाने का काम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग अब तक इस मामले में मौन है।
ईवीएम पर फिर उठाए सवाल
ईवीएम के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने कहा कि हाल ही में यूके में बैलेट पेपर से चुनाव हुए हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, “क्या भारत इंग्लैंड से आगे है?” उन्होंने दोहराया कि समाजवादी पार्टी लगातार ईवीएम हटाने की मांग करती रहेगी। उन्होंने 2022 विधानसभा चुनाव से पहले कानपुर में पड़े आयकर छापों का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय जब्त की गई रकम को समाजवादी पार्टी से जोड़कर प्रचारित किया गया था, लेकिन अब सरकार पैसा वापस नहीं कर रही है।
यूपी की कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त

प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में लॉ एंड ऑर्डर पूरी तरह खत्म हो चुका है। उन्होंने कहा कि जो लोग “जीरो टॉलरेंस” की बात करते थे, उन्होंने ही कानून-व्यवस्था को “जीरो” कर दिया है। एनसीआरबी के आंकड़े सरकार की विफलता की गवाही दे रहे हैं।
महाराणा प्रताप जयंती पर दो दिन का सार्वजनिक अवकाश
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर महाराणा प्रताप जयंती पर दो दिन का सार्वजनिक अवकाश दिया जाएगा। इसके अलावा गोमती रिवर फ्रंट पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसमें चेतक और भाले को सोने से तैयार कराया जाएगा।उन्होंने यह भी घोषणा की कि सपा सरकार बनने पर केजी से पीजी तक लड़कियों की शिक्षा मुफ्त की जाएगी और गरीबों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी।
बीजेपी को बताया उद्योगपतियों का गैंग
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी पूंजीपतियों को बढ़ावा देने का काम कर रही है। अखिलेश यादव ने कहा, “ये भारतीय जनता पार्टी पूंजीवादियों को बढ़ावा देती है, ये गैंग है उद्योगपतियों का और बीजेपी के लोगों का।”सपा प्रमुख ने दावा किया कि भाजपा सरकार की नीतियां आम जनता के बजाय बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए बनाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक दबाव का बोझ आम लोगों पर डाला जा रहा है, जबकि बड़े कारोबारी लगातार लाभ में हैं। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर चुनाव में सबसे ज्यादा पैसा खर्च करने का आरोप भी लगाया।
चल संन्यासी मंदिर में…
सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा, “चल संन्यासी मंदिर में…”। उन्होंने कहा कि कुछ लोग सिर्फ समाजवादी पार्टी के वोट काटने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे हैं। इस दौरान क्षत्रिय समाज के तमाम नेता और पदाधिकारी मौजूद थे।