पीलीभीत : पीलीभीत से इस वक्त की बड़ी और रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां खेतों में काम कर रहे किसानों पर एक खूंखार तेंदुए ने हमला बोल दिया। लेकिन इस बार तेंदुए का हमला उसी पर भारी पड़ गया। ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए तेंदुए को कपड़े और लाठियों की मदद से घेरकर दबोच लिया। इस संघर्ष में पांच किसान घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
मामला पीलीभीत के थाना गजरौला क्षेत्र के दियोरा गांव का है। बताया जा रहा है कि गांव के आसपास खेतों में एक तेंदुए के घूमने की सूचना पहले से थी। ग्रामीण वन विभाग की टीम का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान खेतों में काम कर रहे किसानों पर अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया। तेंदुए को सामने देख खेतों में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए किसान इधर-उधर भागने लगे। लेकिन कुछ ग्रामीणों ने हिम्मत नहीं हारी और लाठियों व कपड़ों की मदद से तेंदुए की घेराबंदी शुरू कर दी। काफी देर तक संघर्ष चलता रहा और आखिरकार ग्रामीणों ने तेंदुए को जमीन पर दबोच लिया। इस दौरान तेंदुए के हमले में अंकित वर्मा, धर्मपाल वर्मा, सोनू वर्मा और तोताराम पासवान समेत पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों की मदद से तेंदुए को पिंजरे में बंद किया और उसे रेंज ऑफिस ले जाया गया। जहां विशेषज्ञों की निगरानी में तेंदुए का मेडिकल परीक्षण और इलाज किया जा रहा है। वहीं ग्रामीणों में वन विभाग को लेकर भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों का आरोप है कि उन्होंने एक दिन पहले ही इलाके में दो तेंदुओं की मौजूदगी की जानकारी विभाग को दे दी थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि अगर वन विभाग समय पर पहुंच जाता तो किसानों पर हमला नहीं होता।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। लोग डर की वजह से खेतों की तरफ जाने से बच रहे हैं। फिलहाल वन विभाग आसपास के इलाके में दूसरे तेंदुए की तलाश में भी जुट गया है।
रिपोर्ट : ऋतिक द्विवेदी
