सपा प्रमुख बोले – हम वो नहीं जो मुश्किलों में साथ छोड़ दें, साथ निभाना ही राजनीति…
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है।पश्चिम बंगाल दौरे के बाद जारी बयान में उन्होंने चुनाव प्रक्रिया, लोकतंत्र और संविधान को लेकर गंभीर सवाल उठाए। अखिलेश यादव ने कहा कि पश्चिम बंगाल जाकर चुनाव में “महाधांधली” और “महाबेईमानी” की जानकारी मिलने के बाद उन्हें यह महसूस हुआ कि अब लड़ाई केवल चुनाव प्रक्रिया बचाने की नहीं, बल्कि देश को बचाने की है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश ऐसे लोगों के हाथों में चला गया है जो संविधान, लोकतंत्र, आरक्षण, स्वतंत्रता, समता -समानता और न्याय के खिलाफ काम कर रहे हैं।
हम वो नहीं जो मुश्किलों में साथ छोड़ दें

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने वेस्ट बंगाल से लौटने के बाद सोशल मीडिया पर एक संक्षिप्त लेकिन सियासी मायनों वाला बयान देकर चर्चा तेज कर दी है। अखिलेश यादव ने कहा, “हम वो नहीं जो मुश्किलों में साथ छोड़ दें।”उनके इस बयान को राजनीतिक गलियारों में बड़ा संदेश माना जा रहा है। माना जा रहा है कि सपा प्रमुख ने यह तंज अपने विरोधियों और राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर किया है। सोशल मीडिया पर भी उनके इस बयान को लेकर समर्थकों और विपक्षी दलों के बीच चर्चाएं तेज हो गई हैं।
नोटबंदी, GST और शिक्षा नीति पर उठाए सवाल
सपा प्रमुख ने कहा कि महिलाओं, युवाओं, किसानों, मजदूरों, गरीबों, शोषितों और वंचितों के अधिकारों पर लगातार हमला हो रहा है।उन्होंने दावा किया कि भाजपा और उसके सहयोगी देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द को कमजोर करने की राजनीति कर रहे हैं। अखिलेश यादव ने नोटबंदी, जीएसटी, शिक्षा व्यवस्था और योजना आयोग को खत्म किए जाने जैसे मुद्दों को भी उठाया।
नोटबंदी से छोटा कारोबार तबाह
उन्होंने आरोप लगाया कि नोटबंदी से छोटे कारोबार तबाह हुए और जीएसटी को जटिल बनाकर अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाया गया। साथ ही उन्होंने सरकारी स्कूलों को बंद करने और शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने का भी आरोप लगाया। सपा अध्यक्ष ने कहा कि देशवासियों को यह समझना होगा कि साम्प्रदायिकता फैलाकर और राजनीतिक दलों को तोड़कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर किया जा रहा है।
गोरखपुर के मेधावियों लैपटॉप और आईपैड

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गोरखपुर में आईसीएसई बोर्ड 10वीं और 12वीं परीक्षा के मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप और आईपैड देकर सम्मानित किया। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। 10वीं बोर्ड में एचपी चिल्ड्रन्स एकेडमी की छात्रा अक्षिता गुप्ता ने 99.40 प्रतिशत अंक हासिल कर उत्तर प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं सेंट जोजेफ हाईस्कूल के छात्र अनुज कंसोधन ने 98.5 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। 12वीं बोर्ड में सेंट जोजेफ स्कूल गोरखनाथ के छात्र अनमोल अग्रवाल, गौरांग भटेजा ने 98.5 प्रतिशत अंक हासिल किए, जबकि अनुष्का यादव ने 97.25 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे।
पत्रकारों के परिजनों के निधन पर जताया शोक, परिवारों को दी सांत्वना
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने वरिष्ठ पत्रकारों के परिजनों के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने हिन्दुस्तान टाइम्स के रेजिडेंट एडिटर प्रांशु मिश्रा की माता कॉमरेड आशा मिश्रा के निधन पर संवेदना जताई और दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की। इसके साथ ही सिद्धार्थनगर में दैनिक आज के ब्यूरोचीफ साजिद अली के पिता हाजी युनुस अली के निधन पर भी दुख व्यक्त खिराज ए अकीदत पेश की। वहीं इंडियन एक्सप्रेस के वरिष्ठ पत्रकार लालमणि के पिता बाबू राम वर्मा के निधन पर भी अखिलेश यादव ने गहरी संवेदना व्यक्त की।
कोविड फंड का दें हिसाब
एसपी चीफ ने सवाल उठाया कि विदेश भागे आर्थिक अपराधियों को वापस क्यों नहीं लाया जा रहा और कोविड फंड का हिसाब जनता को क्यों नहीं दिया गया। अपने बयान के अंत में अखिलेश यादव ने देशवासियों से एकजुट होकर “देश विरोधी नकारात्मक ताकतों” को हराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अब देश को बचाने और नई आजादी की लड़ाई लड़ने का निर्णायक समय आ गया है।
