कोलकाता : पश्चिम बंगाल की राजनीति में ऐतिहासिक बदलाव के बीच भारतीय जनता पार्टी ने मुख्यमंत्री पद के चेहरे का ऐलान कर दिया है। भाजपा विधायक दल की बैठक में वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। कोलकाता में हुई इस अहम बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर मौजूद रहे। भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद अब बंगाल में पहली बार भाजपा सरकार बनने जा रही है और इसी के साथ राज्य की राजनीति में एक नए दौर की शुरुआत मानी जा रही है।
कोलकाता में आयोजित भाजपा विधायक दल की बैठक में पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने शुभेंदु अधिकारी के नाम का प्रस्ताव रखा। इसके बाद मौजूद सभी विधायकों ने एकमत से उनका समर्थन किया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने औपचारिक घोषणा करते हुए कहा कि विधायक दल की बैठक में कई प्रस्ताव आए, लेकिन सभी विधायकों ने एक ही नाम पर सहमति जताई। इसके बाद केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में उन्होंने शुभेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल भाजपा विधायक दल का नेता निर्वाचित घोषित किया।
बैठक से पहले अमित शाह ने कोलकाता के प्रसिद्ध दक्षिणेश्वर काली मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। मंदिर में दर्शन के बाद उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ सरकार गठन और मंत्रिमंडल को लेकर लंबी चर्चा की। सूत्रों के मुताबिक, नई सरकार में क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए मंत्रिमंडल तैयार किया जाएगा। भाजपा ने ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को सह-पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी भी सौंपी है।
शुभेंदु अधिकारी ने विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और भाजपा नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बंगाल में “भय आउट और भरोसा इन” के नारे को जमीन पर उतारने का काम करेगी। शुभेंदु ने कहा कि भाजपा की सरकार वादों को पूरा करेगी और संदेशखाली से लेकर आरजीकर तक महिलाओं पर हुए अत्याचारों की जांच के लिए विशेष आयोग बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
अपने संबोधन में शुभेंदु अधिकारी ने उन भाजपा कार्यकर्ताओं को भी याद किया, जिनकी राजनीतिक हिंसा में मौत हुई थी। उन्होंने कहा कि बंगाल में भाजपा को यहां तक पहुंचाने के लिए सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने संघर्ष किया और बलिदान दिया है। उन्होंने श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि भाजपा बंगाल में राष्ट्रवाद, विकास और सुशासन की नई राजनीति लेकर आई है।
वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भाजपा की जीत को बंगाल की जनता का जनादेश बताते हुए कहा कि अब “सोनार बांग्ला” का सपना पूरा किया जाएगा। शाह ने आरोप लगाया कि पहले राज्य सरकार ने केंद्र की कई योजनाओं को लागू नहीं होने दिया, लेकिन अब केंद्र और राज्य दोनों जगह भाजपा सरकार होने से विकास की रफ्तार तेज होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में न तो प्रशासन का राजनीतिकरण होगा और न राजनीति का अपराधीकरण।
उधर, कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शनिवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। भाजपा इस आयोजन को ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रूप देने की तैयारी कर रही है।
