बरेली : उत्तर प्रदेश सरकार की जनसुनवाई समाधान प्रणाली यानी आईजीआरएस में बरेली ने शानदार प्रदर्शन कर पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। अप्रैल की जारी रैंकिंग में शिकायतों के समय पर और बेहतर निस्तारण को लेकर बरेली को नंबर-1 घोषित किया गया। इस उपलब्धि के बाद पुलिस विभाग में खुशी का माहौल है।
चार जिलों के 89 थानों ने मिलकर बढ़ाया परिक्षेत्र का मान
डीआईजी अजय कुमार साहनी के निर्देशन में बरेली, बदायूं,।शाहजहांपुर और पीलीभीत ने संयुक्त रूप से यह सफलता हासिल की। परिक्षेत्र के कुल 89 थानों को प्रदेश में प्रथम स्थान मिला है। पुलिस विभाग के अनुसार, जनता की शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण इस रैंकिंग का मुख्य आधार रहा।
बरेली और पीलीभीत समेत कई थानों का रहा शानदार प्रदर्शन
बरेली के 28 थानों, बदायूं के 21 थानों, शाहजहांपुर के 23 थानों और पीलीभीत के सभी 17 थानों ने बेहतर कार्य करते हुए इस उपलब्धि में अहम भूमिका निभाई। बरेली के महिला थाना, शहर के बारादरी, इज्जतनगर, कोतवाली, कैंट और प्रेमनगर समेत कई थानों का प्रदर्शन सराहनीय रहा। वहीं पीलीभीत के सभी थानों ने संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल कर परिक्षेत्र का मान बढ़ाया।
अच्छा काम करने वाले कर्मचारियों को मिलेगा सम्मान
आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में बेहतर कार्य करने पर परिक्षेत्र कार्यालय में तैनात उपनिरीक्षक शालू, कम्प्यूटर ऑपरेटर अमरेन्द्र कुमार और आरक्षी सलिल सक्सेना को नगद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। वहीं जिन जनपदों और थानों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा, उनके कार्यों की समीक्षा भी की जाएगी ताकि आने वाले समय में शिकायतों का निस्तारण और बेहतर तरीके से किया जा सके।
