नई दिल्ली : पश्चिम बंगाल में भाजपा विधायक दल के नेता चुने जाने के बाद शुभेंदु अधिकारी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो गारंटी बंगाल की जनता को दी है, उसे भाजपा सरकार मिलकर पूरा करेगी। शुभेंदु अधिकारी ने संदेशखाली और आरजीकर जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए महिलाओं की सुरक्षा पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी ‘सोनार बांग्ला’ के सपने को पूरा करने का दावा किया।
भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि भाजपा की सरकार बात कम और काम ज्यादा करेगी। उन्होंने कहा कि संदेशखाली से लेकर आरजीकर तक महिलाओं पर हुए अत्याचारों की जांच के लिए आयोग का गठन किया जाएगा और दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी। शुभेंदु अधिकारी ने भाजपा कार्यकर्ताओं का भी जिक्र करते हुए कहा कि 321 भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने प्राणों की आहुति दी है और हजारों कार्यकर्ताओं ने राजनीतिक हिंसा और उत्पीड़न झेला है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाली भाजपा सरकार कार्यकर्ताओं और जनता के सपनों को पूरा करेगी।
शुभेंदु अधिकारी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को नमन करते हुए कहा कि बंगाल में भाजपा को यहां तक पहुंचाने वाले सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ नेता बताते हुए कहा कि मोदी जी की सभाओं और ‘भय आउट, भरोसा इन’ के नारे ने बंगाल की राजनीति बदल दी। शुभेंदु अधिकारी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा संगठन महामंत्री सुनील बंसल, भूपेंद्र यादव और प्रदेश अध्यक्ष समीक भट्टाचार्य सहित कई नेताओं का आभार जताया।
वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि केंद्र सरकार लंबे समय से ‘सोनार बांग्ला’ का सपना देख रही थी और अब बंगाल में भाजपा सरकार बनने के बाद विकास को नई रफ्तार मिलेगी। अमित शाह ने कहा कि भाजपा सरकार में प्रशासन का राजनीतिकरण और राजनीति का अपराधीकरण नहीं होगा। उन्होंने दावा किया कि कला, साहित्य, संस्कृति और शिक्षा के क्षेत्र में बंगाल फिर पूरे देश का नेतृत्व करेगा। शाह ने भवानीपुर सीट का जिक्र करते हुए कहा कि इस बार ममता बनर्जी को उनके ही गढ़ में हराया गया है। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम के 150वें वर्ष में बंकीम चंद्र की धरती पर भाजपा को सरकार बनाने का मौका मिला है, जो ऐतिहासिक है।
