बदायूं : पुलिस व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। जनपद की आपातकालीन पुलिस सेवा डायल 112 में छह नई गाड़ियों को शामिल किया गया है। एसएसपी अंकिता शर्मा ने पुलिस लाइन परिसर से इन सभी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी रही।
दरअसल, आम जनता को आपात स्थिति में तेजी से पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डायल 112 सेवा को लगातार मजबूत किया जा रहा है। इसी कड़ी में बदायूं पुलिस को छह नई अत्याधुनिक गाड़ियां मिली हैं। इन वाहनों के शामिल होने से पुलिस की प्रतिक्रिया क्षमता और बेहतर होने की उम्मीद जताई जा रही है।
पुलिस लाइन परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसएसपी अंकिता शर्मा ने कहा कि डायल 112 सेवा जनता और पुलिस के बीच भरोसे का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि नई गाड़ियों के संचालन से जिले में किसी भी आपातकालीन सूचना पर पुलिस पहले से अधिक तेजी से मौके पर पहुंच सकेगी। एसएसपी ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और इसके लिए संसाधनों को लगातार मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि डायल 112 पर आने वाली शिकायतों का तत्काल और गंभीरता से निस्तारण किया जाए, ताकि आम लोगों को त्वरित राहत मिल सके।
नई गाड़ियों को आधुनिक सुविधाओं से लैस बताया जा रहा है, जिससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच और निगरानी बेहतर होगी। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इन वाहनों के शामिल होने से अपराध नियंत्रण और आपातकालीन सेवाओं में तेजी आएगी। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने नई गाड़ियों का निरीक्षण भी किया। इसके बाद सभी वाहनों को अलग-अलग क्षेत्रों के लिए रवाना कर दिया गया। बदायूं पुलिस का कहना है कि आने वाले समय में भी पुलिस संसाधनों को और मजबूत किया जाएगा, ताकि जनता को बेहतर सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।
रिपोर्ट : मुहम्मद आसिम
