पूर्व मंत्री ने कहा-लोकतंत्र का मजाक बन गया चुनाव,महंगाई, बेरोजगारी और महिला सुरक्षा पर भाजपा सरकार को घेरा
बरेली : समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने भाजपा सरकार, चुनाव आयोग और कानून व्यवस्था को लेकर तीखा हमला बोला।समाजवादी पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नसीमुद्दीन सिद्दीकी के तेवर बेहद आक्रामक नजर आए। उन्होंने अपनी बात एक शायरी से शुरू करते हुए कहा-“दुनिया में कहीं ऐसी तमसील नहीं मिलती,कातिल ही मुहाफिज है, कातिल ही सिपाही है…”सपा नेता ने आरोप लगाया कि कई राज्यों के चुनावों में लोकतंत्र का मजाक बनाया गया है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग अब स्वतंत्र संस्था नहीं रह गया और भाजपा के इशारों पर काम कर रहा है।
2027 में सपा सरकार बनने का दावा, मुफ्त बिजली और आर्थिक सहायता का वादा
नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने सवाल उठाया कि जिन बूथों पर 95 प्रतिशत तक मतदान हुआ, वहां पुनर्मतदान क्यों नहीं कराया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्यों के अधिकारियों को दूसरे राज्यों में ऑब्जर्वर बनाकर चुनावों में बेईमानी कराई गई।महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर भी उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार को घेरा। उज्ज्वला योजना पर तंज कसते हुए कहा कि चुनाव के समय जनता को राहत का दिखावा किया जाता है, लेकिन बाद में गैस, पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा दिए जाते हैं।
उज्ज्वला योजना से लेकर पेट्रोल-डीजल तक पर हमला
महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर भी सपा नेता ने भाजपा सरकार पर सवाल उठाए। हाथरस, सीतापुर, मेरठ और महोबा की घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में दलितों, महिलाओं और पिछड़े वर्गों पर अत्याचार बढ़े हैं। सपा नेता ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर महिलाओं को 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता और 300 यूनिट मुफ्त बिजली दी जाएगी।
आंखों में टांके होने के बावजूद दौरे पर निकले नसीमुद्दीन सिद्दीकी
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने अपनी आंखों के ऑपरेशन के टांके भी दिखाए और कहा कि डॉक्टरों ने आराम की सलाह दी थी, लेकिन जनता को “जालिम हुकूमत” से राहत दिलाने के लिए वे लगातार दौरे कर रहे हैं। उनका शाहजहांपुर से बरेली आने तक जगह-जगह फूल मालाओं से स्वागत किया गया। इसके साथ सैंथल में पीडीए पंचायत की। इस दौरान जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, विधायक शहजिल इस्लाम, पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन, प्रदेश प्रवक्ता मुहम्मद साजिद, इंजीनियर अनीस अहमद खां, पूर्व महानगर अध्यक्ष कदीर अहमद, राजेश अग्रवाल समेत तमाम सपा नेता मौजूद थे।
