परेड, शस्त्रागार, UP-112, डॉग स्क्वॉड और पेंशनर्स बैठक तक हर व्यवस्था की जांच, दिए सख्त निर्देश
बरेली : यूपी के बरेली में पुलिस व्यवस्था की कार्यप्रणाली को मजबूत और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) अजय कुमार साहनी ने रिजर्व पुलिस लाइन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण की शुरुआत परेड की सलामी और मार्च-पास्ट से हुई, जिसमें टर्नआउट और अनुशासन की जांच कर आवश्यक निर्देश दिए गए।
शस्त्रागार और यूनिट्स की गहन जांच

डीआईजी ने शस्त्रागार में हथियारों के रखरखाव, साफ-सफाई और अभिलेखों की स्थिति का निरीक्षण किया। इसके साथ ही एमटी शाखा, फील्ड यूनिट और घुड़साल की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।डॉग स्क्वॉड (स्वान दस्ता) द्वारा डेमो प्रस्तुत किया गया, जबकि फायर यूनिट के रिस्पॉन्स टाइम और तैयारियों का भी आकलन किया गया।
UP-112 और कंट्रोल रूम पर विशेष फोकस
निरीक्षण के दौरान UP-112 के वाहनों, उपकरणों और रिस्पॉन्स टाइम की समीक्षा की गई। हॉटस्पॉट क्षेत्रों की पहचान और प्रभावी पुलिसिंग पर विशेष जोर दिया गया। CCR, DCR और 112 कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली, कॉल रिस्पॉन्स टाइम और लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई।
बैरक, मेस और कार्यालयों की जांच

पुलिस बैरकों में साफ-सफाई, अनुशासन और आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। मेस में भोजन की गुणवत्ता और कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता पर विशेष निर्देश दिए गए। यातायात पुलिस कार्यालय, परिवहन शाखा और वज्र वाहनों की स्थिति की भी जांच की गई, साथ ही कैदियों के सुरक्षित परिवहन व्यवस्था की समीक्षा हुई।
प्रशासनिक शाखाओं का निरीक्षण
आदेश कक्ष, अभिलेखों और रजिस्टरों की जांच करते हुए उन्हें अद्यतन और सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा स्थानीय अभिसूचना इकाई सहित विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली पर भी समीक्षा की गई।
पेंशनर्स से संवाद
निरीक्षण के अंत में डीआईजी ने पुलिस पेंशनर्स के साथ संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक समेत सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
