बरेली : यूपी के बरेली में रोडवेज की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है, जब बुधवार सुबह बारादरी थाना क्षेत्र में एक बड़ा हादसा हो गया। इसाइयों की पुलिया से कटरा चांद खां जाने वाले मार्ग पर सिंधु नगर कॉलोनी के सामने स्थित रोडवेज वर्कशॉप की जर्जर दीवार अचानक भरभराकर गिर पड़ी। इस हादसे में सड़क से गुजर रही एक कार मलबे की चपेट में आकर पूरी तरह चकनाचूर हो गई, जबकि एक बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। कार चालक छोटेलाल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।राहत की बात यह रही कि कार में चालक के अलावा कोई अन्य सवार नहीं था, वरना जनहानि हो सकती थी।
पहले से झुकी थी दीवार, शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
स्थानीय लोगों के अनुसार, वर्कशॉप की यह दीवार पिछले कई दिनों से सड़क की ओर झुकी हुई थी। इसकी जानकारी रोडवेज अधिकारियों को दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई कदम नहीं उठाया गया। यह दीवार करीब 8 मीटर लंबी बताई जा रही है, जिसका लगभग 5 मीटर हिस्सा अचानक गिर गया। जिस स्थान पर यह दीवार थी। यह मार्ग दिन के समय काफी व्यस्त रहता है।
जेसीबी से हटाया मलवा
दीवार गिरने के बाद रास्ता बंद हो गया। जिसके चलते लोगों ने शिकायत की। इसके बाद पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने काफी कोशिश के बाद जेसीबी से दीवार का मिलवा सड़क से हटाया। इसके बाद राहगीरों का आवागमन शुरू हो सका।
