शाहजहांपुर : उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी से ठीक एक दिन पहले एक युवती ने अपने प्रेमी के साथ आत्महत्या कर ली। यह मामला परौर थाना क्षेत्र के कुबेरपुर गांव का है, जहां बुधवार सुबह दोनों के शव गांव के पास एक आम के पेड़ पर एक ही फंदे से लटके मिले।
जानकारी के अनुसार, सुबह खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों की नजर जब पेड़ से लटके शवों पर पड़ी, तो इलाके में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को नीचे उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृत युवक की पहचान 18 वर्षीय शुभेंद्र के रूप में हुई है, जो उसी गांव का रहने वाला था। युवती भी उसी गांव की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। लेकिन परिवार वालों ने युवती की शादी कहीं और तय कर दी थी। गुरुवार को उसकी बारात आनी थी और मंगलवार रात घर में हल्दी की रस्म भी चल रही थी।
बताया जा रहा है कि मंगलवार रात किसी समय युवती घर से निकल गई। सुबह जब वह घर में नहीं मिली तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। कुछ देर बाद ही गांव के बाहर आम के पेड़ पर दोनों के शव लटके मिलने की खबर आई, जिससे शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
वहीं युवक के परिजनों ने बताया कि मंगलवार रात गांव में दो बारातें आई थीं। उन्हें लगा कि शुभेंद्र किसी बारात में गया होगा, इसलिए उन्होंने उसकी तलाश नहीं की। लेकिन सुबह जब घटना की जानकारी मिली तो परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि मामला एक ही गांव का होने के बावजूद युवती के परिजन बदनामी के डर से मौके पर नहीं पहुंचे। पुलिस को अभी तक इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।
प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। दोनों बालिग थे और एक ही बिरादरी के थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है – दीक्षा भंवरे अरुण , अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण)
