गहरे पानी में डूबने की आशंका,। 500 मीटर दूर से बरामद हुए शव
पीलीभीत : शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गर्मी से राहत पाने के लिए नदी में नहाने गए दो दोस्तों की डूबकर मौत हो गई। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। जानकारी के मुताबिक, कोतवाली बीसलपुर क्षेत्र के दुबे मोहल्ला निवासी 35 वर्षीय आशु गौड़ और 38 वर्षीय विनीत सिंह गांव चौसरा के पास बह रही रजवाहा नदी में नहाने गए थे।आशंका जताई जा रही है कि नहाते समय दोनों का पैर फिसल गया या वे अचानक गहरे पानी में चले गए, जिससे वे डूब गए।
पैर फिसला या गहराई बनी काल
ग्रामीणों को घटना की जानकारी, तब हुई जब उन्होंने नदी किनारे दोनों युवकों की बाइक और कपड़े पड़े देखे। शक होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों और जेसीबी की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद करीब 500 मीटर दूर से दोनों के शव बरामद किए गए।
दोस्ती का दुखद अंत

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक विनीत सिंह अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गए हैं, जबकि आशु गौड़ के दो बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। इस हादसे के बाद दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रिपोर्ट: ऋतिक द्विवेदी
