बरेली : उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का गुरुवार को बरेली दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान वह शिक्षा, बाल संरक्षण और संस्थागत व्यवस्थाओं का जमीनी स्तर पर निरीक्षण करेंगी। उनके दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है, और सभी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
सुबह आगमन, सीधे स्कूल का निरीक्षण
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल सुबह 10:45 बजे चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट से रवाना होकर 11:20 बजे त्रिशूल एयरवेज पहुंचेंगी। यहां से वह सीधे दिशा इंटर कॉलेज जाएंगी। यहां 11:25 से 12:30 बजे तक स्कूल की व्यवस्थाओं, शिक्षण गुणवत्ता और संसाधनों की स्थिति का जायजा लेंगी।
संप्रेक्षण गृह में बच्चों की सुविधाओं की समीक्षा
दोपहर 12:55 से 1:25 बजे तक राज्यपाल किला स्थित राजकीय संप्रेक्षण गृह (किशोर) का निरीक्षण करेंगी। इस दौरान बच्चों की सुरक्षा, रहन-सहन और उपलब्ध सुविधाओं की गहन समीक्षा की जाएगी। किसी भी तरह की खामियां मिलने पर संबंधित अधिकारियों से जवाब -तलब किया जा सकता है।
विश्वविद्यालय में बैठक, शिक्षा व्यवस्था पर मंथन
इसके बाद राज्यपाल महात्मा ज्योतिबा फूले रोहिलखंड विश्वविद्यालय पहुंचेंगी, जहां 1:40 से 3:45 बजे तक बैठक और भोजन कार्यक्रम आयोजित होगा। इस दौरान शिक्षा व्यवस्था, विकास कार्यों और प्रशासनिक सुधारों पर अहम चर्चा होने की संभावना है।
नए स्कूल का उद्घाटन, झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार भी रहेंगे मौजूद
शाम 3:45 बजे राज्यपाल रामगंगानगर स्थित लखनऊ पब्लिक स्कूल की नई शाखा के उद्घाटन के लिए रवाना होंगी। कार्यक्रम 4 से 5 बजे तक चलेगा। जिसमें झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार की मौजूदगी भी रहेगी।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, रूट डायवर्जन लागू
राज्यपाल के दौरे को देखते हुए पूरे शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थलों तक भारी पुलिस बल तैनात रहेगा। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए रूट डायवर्जन भी लागू किया जाएगा। अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दिनभर के कार्यक्रमों के बाद राज्यपाल शाम 5:20 बजे त्रिशूल एयरपोर्ट से वापस लखनऊ के लिए रवाना होंगी।
