प्रीपेड सर्वे पर अखिलेश का तंज, बोले – बिना प्रत्याशी कैसे हो रहा चुनावी सर्वे?,चुनाव खत्म होते ही महंगाई बढ़ेगी..
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि चुनाव को प्रभावित करने के लिए केंद्रीय बलों के जरिए एक ‘समानांतर प्रशासनिक ढांचा’ तैयार किया गया है। अखिलेश यादव ने कहा कि बंगाल में मौजूदा प्रशासन के समानांतर एक नई ‘चेन ऑफ कमांड’ खड़ी कर दी गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि डीजीपी स्तर तक हस्तक्षेप हो रहा है। जिलों में पुलिस कप्तानों के ऊपर अन्य अधिकारियों की तैनाती की गई है। उनके मुताबिक यह स्थिति स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के लिए खतरा है।
महिला आरक्षण पर सपा का ‘अति निंदा प्रस्ताव’ पास”
सपा के राज्य मुख्यालय में अखिलेश यादव की मौजूदगी में सपा विधायक दल की बैठक हुई। इसमें महिला आरक्षण के मुद्दे पर ‘अति निंदा प्रस्ताव’ बहुमत से पारित किया गया।नेता विरोधी दल माता प्रसाद पाण्डेय ने प्रस्ताव को सदन की तरह संचालित करते हुए पारित घोषित किया। बैठक में महिला विधायकों ने भी एकजुट होकर प्रस्ताव का समर्थन किया। सपा ने भाजपा पर महिला आरक्षण को लेकर भ्रम फैलाने और राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि पिछड़ी और अल्पसंख्यक महिलाओं के प्रतिनिधित्व पर स्पष्ट प्रावधान नहीं है।
बिना उम्मीदवार कैसे सर्वे?
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने चुनावी सर्वे को लेकर मीडिया और भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा,“जब अभी प्रत्याशी ही घोषित नहीं हुए, तो ये सर्वे कैसे हो रहे हैं?”अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि,“ये अख़बार वाले बीजेपी से मिलकर सर्वे कर रहे हैं… ये कहीं प्रीपेड स्मार्ट मीटर की तरह तो नहीं? ये प्रीपेड सर्वे है या पोस्टपेड सर्वे?”सपा प्रमुख के इस बयान के बाद चुनावी सर्वे की विश्वसनीयता को लेकर सियासत गरमा गई है।
चुनाव खत्म होते ही महंगाई बढ़ेगी..

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने महंगाई को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा,“चुनाव खत्म होते ही आज की रात सरकार हिसाब लगाने लगेगी कि किस-किस चीज़ को महंगा करना है… महंगाई बढ़ने जा रही है।” अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सरकार चुनाव के दौरान कीमतों को नियंत्रित रखती है, लेकिन चुनाव खत्म होते ही आम जनता पर महंगाई का बोझ बढ़ा दिया जाता
अधिकारियों पर दबाव और प्रलोभन का आरोप
सपा प्रमुख ने यह भी कहा कि कई अधिकारी दबाव या लालच में काम कर रहे हैं। कुछ को भविष्य में लाभ का आश्वासन दिया जा रहा है, तो कुछ को जांच का डर दिखाकर प्रभावित किया जा रहा है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि ऐसे तत्वों के खिलाफ वोट करें जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर कर रहे हैं।
“रामपुर मॉडल बंगाल में लागू”

एसपी चीफ अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में वही तरीका अपनाया जा रहा है, जो उत्तर प्रदेश के रामपुर उपचुनाव में देखने को मिला था। उन्होंने चेतावनी दी कि“यह प्रयोग आगे यूपी में भी दोहराया जा सकता है। इसके साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि ममता बनर्जी ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगी।
यूपी सरकार और कानून व्यवस्था पर भी हमला
लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश सरकार को भी घेरा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था खराब है।महिलाओं के खिलाफ घटनाएं बढ़ रही हैं। कई मामलों में पीड़ितों को न्याय नहीं मिला। गाजीपुर, हाथरस, मेरठ और फतेहपुर की घटनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने सरकार पर घटनाओं को दबाने का आरोप लगाया।
महिला आरक्षण और महंगाई पर सवाल
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि महिला आरक्षण कानून बनने के बावजूद इसे लागू नहीं किया जा रहा। उन्होंने भाजपा सरकार पर महंगाई बढ़ाने, मजदूरों और किसानों की अनदेखी करने, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था कमजोर करने के आरोप लगाए।
2027 चुनाव को लेकर बड़ा दावा
सपा प्रमुख ने कहा कि “2027 में यूपी की जनता बदलाव लाने जा रही है…”उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी के पक्ष में माहौल बन चुका है।
