प्रतापगढ़ : कंधई थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां शाल्हीपुर कंजास गांव में नहाते समय तालाब में डूबकर तीन सगे भाई-बहनों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है, जबकि परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी विजय बहादुर यादव के तीन बच्चे—रानी (12), मोहित (8) और रोहित (5) सोमवार को घर के सामने बने तालाब में नहाने गए थे। लेकिन काफी देर तक जब तीनों बाहर नहीं आए तो परिजनों को चिंता हुई। खोजबीन के दौरान तीनों बच्चों के शव तालाब से बरामद किए गए। बताया जा रहा है कि घटना के समय बच्चों की मां घर के अंदर खाना बना रही थी, जबकि पिता विजय बहादुर लकवाग्रस्त हैं और भिक्षा मांगकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। चार बच्चों में से अब केवल सबसे छोटा आठ महीने का बेटा ही जीवित बचा है, जो मां की गोद में है।
घटना के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल है। वह अपने मासूम बच्चों को याद कर बिलखती रही और अधिकारियों से गुहार लगाती नजर आई। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है और हर किसी की आंखें नम हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, तीनों बच्चों का नाम गांव के प्राथमिक विद्यालय में दर्ज था, लेकिन आर्थिक और पारिवारिक परिस्थितियों के चलते वे नियमित रूप से स्कूल नहीं जा पाते थे।
फिलहाल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन भी परिवार को हर संभव मदद देने की बात कह रहा है। यह हादसा एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में सुरक्षा इंतजामों की कमी और लापरवाही की ओर इशारा करता है।
