एसपी चीफ का बड़ा हमला : बोले -प्रतिमाएं तोड़ने वाले ही अब छतरी लगा रहे, नीतीश कुमार को कोई रिप्लेस नहीं कर सकता, लोकतंत्र से खिलवाड़ कर रही बीजेपी!
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अंबेडकर जयंती के मौके पर एक अलग अंदाज पेश कर लोगों का ध्यान खींचा। उन्होंने सबसे पहले डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद बैसाखी के अवसर पर गुरुद्वारा सदर पहुंचकर मत्था टेका। इस दौरान रास्ते में चल रहे भंडारे को देखकर उन्होंने अपनी गाड़ी रुकवाई और आम लोगों की तरह बैठकर भोजन किया। उनके गले में पड़ा नीला गमछा भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
गाड़ी रोककर खाया भंडारा, लोगों ने सराहा

सपा प्रमुख अखिलेश यादव का अचानक गाड़ी रुकवाकर भंडारे में शामिल होना लोगों को काफी पसंद आया। उन्होंने बिना किसी औपचारिकता के आम नागरिकों के साथ बैठकर पूड़ी-सब्जी का प्रसाद ग्रहण किया। इस सादगी भरे अंदाज की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गईं।
गुरुद्वारे में टेका मत्था, लिया आशीर्वाद

सपा प्रमुख ने बैसाखी पर्व पर गुरुद्वारा सदर में दरबार साहिब के समक्ष मत्था टेका और कड़ा प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि समाज में समानता और सेवा की भावना ही सबसे बड़ा धर्म है।
‘पीडीए’ को बताया नई सामाजिक सोच
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने अपने संदेश में लिखा कि बाबा साहब के विचारों से प्रेरित होकर ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) एक नई सामाजिक और राजनीतिक सोच का प्रतीक है, जो समानता, सद्भाव और सामाजिक न्याय पर आधारित है। उन्होंने कहा कि यह पहल समाज में समन्वय और सहयोग के जरिए नई दिशा देने का प्रयास है।
महंगाई पर सरकार पर साधा निशाना

सपा प्रमुख ने महंगाई को लेकर सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि बढ़ती कीमतों के कारण मजदूरों से लेकर मध्यम वर्ग तक सभी परेशान हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि लोग आपसी समझदारी से हालात संभालेंगे।
नीतीश कुमार को कोई रिप्लेस नहीं कर सकता: अखिलेश यादव
उन्होंने मीडिया से बात करते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को कोई रिप्लेस नहीं कर सकता और INDIA गठबंधन के कई नेताओं को उम्मीद थी कि वह प्रधानमंत्री बन सकते हैं। अखिलेश यादव ने आगे कहा कि अब नीतीश कुमार राज्यसभा सदस्य के रूप में रिटायर हो जाएंगे।
लोकतंत्र से खिलवाड़ कर रही बीजेपी…
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि देश के लोकतंत्र के साथ बड़ा खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने सेंसस और महिला आरक्षण को लेकर सरकार की मंशा पर सवाल उठाए। अखिलेश यादव ने कहा कि देश की जनता सेंसस चाहती थी और उनकी पार्टी भी महिला आरक्षण के पक्ष में है, लेकिन सरकार की जल्दबाजी पर सवाल खड़े होते हैं।
सपा प्रमुख का बड़ा हमला, बोले -प्रतिमाएं तोड़ने वाले ही अब छतरी लगा रहे’
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाएं बीजेपी सरकार के दौरान टूटी हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग प्रतिमाएं तोड़ते हैं, वही अब उन पर छतरी लगाकर दिखावा कर रहे हैं।
