बरेली : कुर्मी क्षत्रिय सभा द्वारा आयोजित 18वां स्वजातीय परिचय सम्मेलन एवं सामूहिक विवाह।समारोह रविवार को धूमधाम से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने इसे भव्य रूप दे दिया, जहां शहनाइयों और मंगलगीतों के बीच 17 कन्याओं का विवाह पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ कराया गया।
दीप प्रज्वलन से शुरुआत, अतिथियों ने किया विमोचन
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मंचासीन अतिथियों का स्वागत किया गया और विवाह परिचयिका का विमोचन भी किया गया। समारोह में सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार,जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, पूर्व विधायक भगवत सरन गंगवार, छोटे लाल गंगवार समेत कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
नवदंपतियों को मिला आशीर्वाद, उपहार भी किए गए वितरित
सामूहिक विवाह में शामिल 17 नवविवाहित जोड़ों को मंच पर बुलाकर अतिथियों ने आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विवाह के बाद सभी के लिए भोजन की व्यवस्था की गई और नवदंपतियों को गृहस्थी के लिए जरूरी उपहार भी प्रदान किए गए।
गरीब परिवारों के लिए सहारा बना सामूहिक विवाह
मुख्य अतिथि सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने का काम करते हैं और सामूहिक विवाह गरीब परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होते हैं। वहीं रश्मि पटेल ने इसे बेटियों के सम्मान और सुरक्षित भविष्य की दिशा में अहम कदम बताया।
समाज सशक्तिकरण का माध्यम बना आयोजन
कुर्मी क्षत्रिय सभा के जिलाध्यक्ष एड. केपी सेन गंगवार ने बताया कि संस्था का उद्देश्य समाज को एक मंच पर लाना और जरूरतमंदों की मदद करना है। उपाध्यक्ष रघुवीर सिंह गंगवार ने कहा कि भविष्य में ऐसे आयोजन और बड़े स्तर पर किए जाएंगे।
सफल आयोजन में टीम का रहा अहम योगदान
कार्यक्रम को सफल बनाने में सभा के पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों का विशेष योगदान रहा। बड़ी संख्या में समाज के लोगों की भागीदारी ने इसे यादगार बना दिया।
