बरेली : गर्मी के मौसम में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर।रेलवे (एनईआर) के इज्जतनगर मंडल ने बड़ी सुविधा दी है। रेलवे प्रशासन ने 05033/05034 गोमती नगर-बांद्रा टर्मिनस-गोमती नगर ग्रीष्मकालीन साप्ताहिक विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन 13 अप्रैल से 12 मई 2026 तक कुल 5 फेरों के लिए संचालित की जाएगी।
जानिए कब-कब चलेगी ट्रेन
05033 (गोमती नगर-बांद्रा टर्मिनस), 13 अप्रैल से 11 मई 2026 तक हर सोमवार, 05034 (बांद्रा टर्मिनस-गोमती नगर), 14 अप्रैल से 12 मई 2026 तक हर मंगलवार को संचालित होगी। यह स्पेशल ट्रेन बादशाहनगर, डालीगंज, सीतापुर, लखीमपुर, मैलानी, पीलीभीत, इज्जतनगर, कासगंज, मथुरा, भरतपुर, कोटा, रतलाम, वडोदरा, सूरत, वापी, बोरीवली जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। इज्जतनगर से यह ट्रेन शाम 7.17 बजे (गोमती नगर से बांद्रा) और वापसी में रात 12.47 बजे (बांद्रा से गोमती नगर) पहुंचेगी।
22 कोच की सुविधा, सभी वर्गों के लिए सीटें
इस विशेष ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे। जिनमें 04 सामान्य द्वितीय श्रेणी, 06 शयनयान (स्लीपर),02 एसी द्वितीय श्रेणी,08 एसी तृतीय श्रेणी,01 जनरेटर सह लगेज यान,01 एलएसएलआरडी कोच शामिल हैं। इस स्पेशल ट्रेन के संचालन से बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत, लखीमपुर समेत आसपास के जिलों के यात्रियों को मुंबई (बांद्रा) के लिए सीधी और अतिरिक्त सुविधा मिलेगी। गर्मियों में होने वाली भीड़ को देखते हुए यह फैसला यात्रियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।
