एसपी चीफ ने शिक्षामित्रों के मानदेय से लेकर संविधान, भ्रष्टाचार और बिजली तक पर घेरा, बोले – भाजपा का रिटायरमेंट तय
लखनऊ : सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने शिक्षामित्रों के मानदेय बढ़ाने के फैसले को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है।उन्होंने कहा कि भाजपा ने 9 साल तक शिक्षामित्रों का हक छीना और अब चुनाव नजदीक आते ही सहानुभूति दिखाने का प्रयास कर रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार ने भले ही मानदेय बढ़ाया हो, लेकिन यह अब भी समाजवादी पार्टी सरकार के समय प्रस्तावित 30 हजार रुपये से करीब 22 हजार कम है। उन्होंने इसे “देरी से लिया गया और अधूरा फैसला” बताया।
PDA फॉर्मूले से सियासी रणनीति

एसपी चीफ अखिलेश यादव ने ‘PDA’ (पीड़ित, दलित, अल्पसंख्यक) को लेकर कहा “भाजपा सरकार द्वारा प्रताड़ित शिक्षामित्र भी पीड़ित हैं, इसलिए वो भी PDA हैं और भाजपा को हराएंगे।” उन्होंने दावा किया कि यही वर्ग 2027 में सत्ता परिवर्तन की ताकत बनेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का “परमानेन्ट रिटायरमेंट” तय है, और आने वाले समय में सपा सरकार बनने पर पीडीए वर्ग को हक और सम्मान मिलेगा। उन्होंने शिक्षामित्रों को भरोसा दिलाया—“बुरे दिन जाने वाले हैं।”
संविधान और लोकतंत्र पर भी साधा निशाना

सपा मुख्यालय में आयोजित बैठक में अखिलेश यादव ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा भाजपा लोकतंत्र की पवित्रता को खत्म कर रही है। संविधान विरोधी काम कर रही है। बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के बनाए संविधान का सम्मान नहीं कर रही।उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
महंगाई, बेरोजगारी और बिजली पर भी हमला
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने राज्य सरकार पर कई अन्य मुद्दों पर भी हमला बोला। महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है। हर विभाग में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। प्रीपेड बिजली मीटर को जनता पर बोझ बताया। किसानों को नैनो यूरिया के नाम पर नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया।
बुलडोजर चलाना है तो भ्रष्टाचार पर चलाइए..

सपा प्रमुख ने दावा किया कि 1671 ड्राइवर बिना बस चलाए वेतन ले रहे हैं। 50% चालक “शून्य किलोमीटर” चले। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “बुलडोजर चलाना है तो भ्रष्टाचार पर चलाइए।”
क्या हुआ तेरा वादा?-छुट्टा पशु मुद्दे पर अखिलेश यादव का भाजपा पर तंज
एसपी चीफ ने उत्तर प्रदेश में छुट्टा पशुओं की समस्या को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि 14 दिन में समस्या खत्म करने का दावा करने वाली सरकार से अब जनता सवाल पूछ रही है “क्या हुआ तेरा वादा?”अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि छुट्टा पशुओं से किसान और आम लोग परेशान हैं, लेकिन सरकार अपने वादों को पूरा करने में नाकाम रही है।
एसपी चीफ पर विवादित पोस्टर से सियासत गरमाई, सपाइयों ने फाड़े, FIR की मांग
एसपी चीफ को लेकर लगाए गए विवादित पोस्टरों के बाद प्रदेश में सियासी माहौल गरमा गया है। ये पोस्टर लखनऊ और गोंडा के अंबेडकर चौराहा समेत कई जगहों पर लगाए गए थे। पोस्टरों में एडिट की गई तस्वीर के साथ आपत्तिजनक सामग्री लगाई गई थी। जानकारी मिलते ही सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर पोस्टर फाड़ दिए और विरोध जताया। सपा नेताओं ने पोस्टर लगाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। इस घटना के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।
