बरेली : यूपी के बरेली में नशे के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। देहात की थाना भमौरा पुलिस और एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) यूनिट बरेली की संयुक्त टीम ने 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार अभियुक्त और बरामदगी
पुलिस ने बदायूं जिले के थाना बिनावर क्षेत्र के ग्राम भगवानपुर निवासी परमानंद उर्फ पप्पू, उसके बेटे रविंद्र और यशवीर को गिरफ्तार किया है। इनके पास से कुल 1.750 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 12 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा 950 ग्राम स्मैक बनाने में इस्तेमाल होने वाला रंग और 87,520 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज, जांच जारी
बरामदगी के आधार पर थाना भमौरा में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस तस्करी के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
