शहरी-ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क और विकास कार्यों को मिली रफ्तार, 98 कार्यों को हरी झंडी
बरेली : यूपी के बरेली जनपद में विकास कार्यों को नई गति देने के लिए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी (डीएम) अविनाश सिंह के प्रयासों से वित्तीय वर्ष 2025 -26 के तहत त्वरित आर्थिक विकास योजना में 98 परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं के लिए कुल 47.63 करोड़ रुपये की प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
पहली किश्त में 22.89 करोड़ रुपये जारी
योजना के तहत प्रथम किश्त के रूप में 22.89 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। यह धनराशि ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को कार्यदायी संस्था के रूप में उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी कार्य निर्धारित शर्तों और नियमों के तहत पूरे किए जाएंगे।
शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में होगा व्यापक विकास
योजना के तहत शहरी क्षेत्रों में सड़कों के सुधार के लिए करीब 4.80 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में नई सड़कों और विकास कार्यों के लिए करीब 18.09 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। इन कार्यों के लिए अलग -अलग कार्यकारी आदेश जारी कर दिए गए हैं। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को सौंपी जिम्मेदारी सभी स्वीकृत परियोजनाओं के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, बरेली को दी गई है। विभाग को धनराशि कोषागार से जारी कर दी गई है, जिससे कार्य जल्द शुरू हो सकें।
सड़क से विकास की रफ्तार… बरेली में अब तेजी से बदलेंगे हालात
इस योजना से जिले के शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
