रामपुर बाग में अचानक लगी आग से मचा हड़कंप… दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा, कारण अब तक रहस्य
बरेली : यूपी के बरेली में बिजली विभाग का एक गोदाम अचानक आग की लपटों में घिर गया। देखते ही देखते हजारों मीटर जलकर राख हो गए। हालांकि, दमकल की तेज कार्रवाई ने एक बड़े हादसे को टाल दिया। बताया जाता है कि मंगलवार सुबह बरेली के रामपुर बाग स्थित बिजली विभाग के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में गोदाम में रखे हजारों पुराने बिजली मीटर जलकर पूरी तरह खाक हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर जुट गए।दमकल की तत्परता से बचा बड़ा नुकसान
फायर ब्रिगेड की फुर्ती… वरना हो सकता था बड़ा हादसा

आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। मगर, समय रहते आग बुझा ली गई, जिससे आसपास के इलाकों और अन्य गोदामों में आग फैलने से बचाव हो गया। अगर, थोड़ी भी देर होती, तो नुकसान और भी ज्यादा हो सकता था।
“बिजली नहीं थी, फिर कैसे लगी आग?” बड़ा सवाल

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) मनु सिंह के मुताबिक, जिस गोदाम में आग लगी वहां कोई बिजली कनेक्शन नहीं था। ऐसे में आग लगने की वजह फिलहाल रहस्य बनी हुई है। इस मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। हालांकि, बिजली विभाग के कर्मचारी विनय कुमार ने आशंका जताई है कि गोदाम के बाहर पड़े सूखे पत्तों में आग लगी होगी। उसी की चिंगारी अंदर पहुंची और धीरे-धीरे इसने विकराल रूप ले लिया।
छोटी चिंगारी, बड़ा नुकसान…
यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि छोटी सी चूक भी बड़े हादसे में बदल सकती है। फिलहाल, प्रशासन पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है और असली कारण जल्द सामने आने की उम्मीद है।
