मनरेगा से मेगा असर, 100 दिन का रोजगार, कौशल योजनाओं से बढ़ी आय
बरेली : यूपी के बरेली में योगी आदित्यनाथ सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का असर अब जमीन पर साफ दिखाई देने लगा है। रोजगार, आवास, कौशल विकास और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं ने लाखों परिवारों की जिंदगी में बदलाव लाने का दावा किया जा रहा है।
रोजगार और कौशल, लाखों को मिला सहारा
ग्राम्य विकास विभाग की मनरेगा योजना के तहत जिले में 9,20,097 परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराया गया। इनमें से 29,115 परिवारों को पूरे 100 दिन का रोजगार मिला। वहीं उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तहत 36,461 युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया। इनमें से 18,777 युवाओं को रोजगार भी मिला। इसके अलावा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत 7,650 कारीगरों को लाभ मिला। जिससे पारंपरिक रोजगार को बढ़ावा मिला।

सामूहिक विवाह-गरीब बेटियों को मिला सहारा
समाज कल्याण विभाग की मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 10,376 जोड़ों का विवाह कराया गया। इस पर 5408.84 लाख रुपये खर्च किए गए। इस योजना ने आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत दी है। मत्स्य पालन के तहत मछुआरों की आय बढ़ी है। प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना के तहत 107 मत्स्य पालकों को 431.32 लाख रुपये का अनुदान मिला है। वहीं मुख्यमंत्री मत्स्य योजना में 28 लाभार्थियों को 30.57 लाख रुपये दिए गए। इसके अलावा निशादराज बोट सब्सिडी योजना के तहत भी मछुआरों को आर्थिक सहायता दी गई, जिससे गांवों में स्वरोजगार को बढ़ावा मिला।

आवास और स्वच्छता से बदला ग्रामीण ढांचा
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 19,818 घर बनाए गए जबकि मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 2,084 आवास तैयार किए गए। इसके साथ ही पंचायत स्तर पर 25 पंचायत भवन, 1,188 सामुदायिक शौचालय, 92,895 व्यक्तिगत शौचालय का निर्माण कराया गया। जिससे ग्रामीण जीवन स्तर में सुधार आया।
महिला सशक्तिकरण को बना आधार
जनपद में 13,999 स्वयं सहायता समूह (SHG) बनाए गए हैं। इनमें 1,47,622 महिलाएं जुड़ीं, ये समूह महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
