सपा प्रमुख बोले – आस्तीनी अपराधी ही कर रहे सरकार का एनकाउंटर! अपराध, भ्रष्टाचार और अव्यवस्था पर सरकार को घेरा
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार को लेकर बीजेपी सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में “लॉ एंड ऑर्डर को ही गोली मार दी गई है” और अब “आस्तीनी अपराधी” ही सरकार का एनकाउंटर कर रहे हैं। गोरखपुर में दिनदहाड़े हुई पूर्व पार्षद की हत्या का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि यह घटना बताती है कि बेखौफ अपराधियों को किसका संरक्षण प्राप्त है।
एसपी चीफ बोले- यूपी में जंगलराज?
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराधी खुलेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और सरकार का “जीरो टॉलरेंस” का दावा पूरी तरह फेल हो चुका है। अखिलेश यादव ने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा खतरे में है, और पूरे प्रदेश में माफिया व दबंगों का बोलबाला है।उन्होंने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि यूपी को अंधकार की ओर धकेला जा रहा है और हर दिन हत्या, लूट जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं।
ग्रीन कॉरिडोर पर सियासी वार, अखिलेश बोले-ग्रीन से विलीन हो गया!
लखनऊ में बने ग्रीन कॉरिडोर को लेकर भी उन्होंने तंज कसा। उन्होंने कहा कि “अभी उद्घाटन के फूल भी नहीं सूखे थे और निर्माण की गुणवत्ता की पोल खुल गई।” उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकार खुद पर बुलडोजर चलवाएगी। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार को घेरते हुए कहा कि यह “महा-भ्रष्टाचार का अड्डा” बन चुकी है। उन्होंने जल जीवन मिशन समेत कई योजनाओं में घोटालों का आरोप लगाया और कहा कि प्रदेश भ्रष्टाचार के दलदल में फंस चुका है।
2027 में अपराध और भ्रष्टाचार मुक्त” बनेगी सरकार
सपा प्रमुख ने अंत में उन्होंने दावा किया कि जनता अब सब समझ चुकी है, और 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी को सत्ता से हटाकर समाजवादी पार्टी के नेतृत्व में एक “अपराध और भ्रष्टाचार मुक्त” उत्तर प्रदेश बनाएगी।
