बरेली : उत्तर रेलवे (एनआर) के जम्मूतवी स्टेशन से कोलकाता जाने वाली 13151 सियालदाह एक्सप्रेस से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। ट्रेन में रायबरेली के यात्री की हार्ट अटैक से मौत हो गई। घटना ट्रेन के कोच एस-7 में हुई, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान रायबरेली जिले के शिवगढ़ थाना क्षेत्र के निवलगंज गांव निवासी 52 वर्षीय राजेन्द्र सिंह के रूप में हुई है। वह हिमाचल प्रदेश में एक प्राइवेट एजेंसी में वाटर पाइपलाइन डालने का काम करते थे और अपने परिजनों के साथ यात्रा कर रहे थे।
ट्रेन में अचानक बिगड़ी तबीयत, कुछ ही पल में चली गई जान
परिजनों के अनुसार, रामपुर के पास सुबह करीब 10:30 बजे सभी ने साथ बैठकर खाना खाया था। इसके बाद धनेटा और सीबीगंज स्टेशन के बीच अचानक राजेन्द्र सिंह की तबीयत बिगड़ गई। वह टॉयलेट जाने के लिए उठे, लेकिन अचानक गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
परिजनों के सामने थम गई सांसें
घटना की सूचना रेल कंट्रोल को दी गई। इसके बाद ट्रेन के बरेली जंक्शन पहुंचने पर आरपीएफ और जीआरपी मौके पर पहुंची। मेडिकल टीम ने जांच के बाद यात्री को मृत घोषित कर दिया। बरेली जंक्शन के जीआरपी इंस्पेक्टर सुशील कुमार वर्मा ने “The Justice Hindi” को बताया कि शव को प्लेटफॉर्म नंबर एक पर उतारा गया। हालांकि, परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और लिखित में पुलिस को दे दिया कि वे किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं चाहते। हादसे के वक्त परिजन साथ में थे। जिसके चलते परिजनों में चीख -पुकार मच गई।
शव एंबुलेंस से भेजा घर
पुलिस ने एंबुलेंस के जरिए शव को रायबरेली के लिए रवाना कर दिया है। इस घटना के बाद ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
