लखनऊ : 69000 शिक्षक भर्ती को लेकर एक बार फिर अभ्यर्थियों का विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। नियुक्ति की मांग को लेकर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी महानिदेशक स्कूल शिक्षा कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए। लंबे समय से नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी न होने से नाराज अभ्यर्थियों ने सरकार और शिक्षा विभाग से जल्द कार्रवाई की मांग की।
सोमवार को बेसिक शिक्षा निदेशालय परिसर में सुबह से ही अभ्यर्थियों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया। 69000 शिक्षक भर्ती से जुड़े अभ्यर्थियों के साथ-साथ गणित विज्ञान भर्ती के अभ्यर्थी भी वहां पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया। अभ्यर्थियों का कहना था कि काउंसिलिंग की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, लेकिन इसके बाद भी नियुक्ति की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई जा रही है। इससे हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में लटका हुआ है।
धरने के दौरान अभ्यर्थियों ने महानिदेशक स्कूल शिक्षा के सामने बैठकर अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की। उनका कहना था कि लंबे समय से वह नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे हैं और कई बार विभागीय अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इसी वजह से उन्होंने धरना देकर अपनी आवाज उठाने का फैसला किया। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल भी तैनात किया गया था। पुलिस की मौजूदगी में अभ्यर्थियों का एक प्रतिनिधिमंडल बेसिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल से मिला और अपनी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। अभ्यर्थियों ने मांग की कि जल्द से जल्द नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी कर उन्हें नियुक्ति पत्र दिया जाए।
इस पर बेसिक शिक्षा निदेशक ने अभ्यर्थियों को आश्वासन दिया कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और जल्द ही इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि विभाग इस मुद्दे पर विचार कर रहा है और नियमानुसार आगे की प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा। हालांकि अधिकारियों के आश्वासन से अभ्यर्थी पूरी तरह संतुष्ट नहीं हुए और उन्होंने धरना जारी रखा। उनका कहना था कि जब तक नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर स्पष्ट निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। धरना लंबा खिंचता देख पुलिस ने हस्तक्षेप किया और प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों को वहां से हटाने की कार्रवाई की। इसके बाद पुलिस ने अभ्यर्थियों को बसों में बैठाकर ईको गार्डेन भेज दिया।
प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने कहा कि वह लंबे समय से अपनी नियुक्ति की मांग कर रहे हैं और कई बार धरना-प्रदर्शन भी कर चुके हैं। उनका आरोप है कि काउंसिलिंग के बाद भी भर्ती प्रक्रिया ठप पड़ी हुई है, जिससे हजारों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी नहीं की गई तो वे आगे भी आंदोलन जारी रखेंगे। फिलहाल प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है और अभ्यर्थियों को शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की अपील की गई है।
