लोलई गांव में महिला सम्मान व होली मिलन कार्यक्रम आयोजित, विभिन्न क्षेत्रों में काम करने वाली महिलाओं को किया सम्मानित
लखनऊ : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस ( International Women’s Day) के अवसर पर लखनऊ के लोलई गांव में लागन उद्यमी महिला फाउंडेशन की ओर से महिला सम्मान एवं होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के कमजोर और वंचित वर्ग की उन महिलाओं को सम्मानित करना था, जो छोटे-छोटे प्रयासों से आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार और समाज के लिए प्रेरणा बन रही हैं। कार्यक्रम का आयोजन फाउंडेशन की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सांसद डिंपल यादव रहीं। उन्होंने लोलई और मल्हौर क्षेत्र की महिलाओं से संवाद करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद साहस, मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने वाली महिलाएं समाज की असली ताकत हैं। उन्होंने कहा कि यदि कमजोर वर्ग की महिलाओं को सही अवसर और सहयोग मिले तो वे समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य

कार्यक्रम की आयोजक एवं फाउंडेशन की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि उनका लक्ष्य अधिक से अधिक महिलाओं को रोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने महिलाओं को झांसी की रानी के साहस और संघर्ष से प्रेरणा लेते हुए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। इस दौरान चिकित्सा क्षेत्र में योगदान देने वाले कई डॉक्टरों को भी सम्मानित किया गया।सम्मानित चिकित्सकों में डॉ. शेली महाजन, डॉ. अमित रंजन, डॉ. नेहा साहू, डॉ. ज्योति, डॉ. गुंजन और डॉ. हर्षा महान शामिल रहे।
इनको भी किया सम्मानित

इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, आशा बहुओं, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक कार्य, व्यवसाय तथा योग जैसे क्षेत्रों में सक्रिय महिलाओं को भी सम्मानित किया गया। इनमें कई महिलाएं सिलाई, पार्लर, सब्जी व अन्य छोटे व्यवसाय के माध्यम से आत्मनिर्भर बन रही हैं। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में लखनऊ कैंसर इंस्टीट्यूट की निदेशक डॉ. निर्मला पंत, अमिता कन्नौजिया, डॉ. ज्योति और मीरा पुरवार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इसके साथ ही लखनऊ यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर और डॉ.राम मनोहर लोहिया इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल से जुड़ी निमिषा सोनकर भी कार्यक्रम में शामिल हुईं। कार्यक्रम के अंत में होली मिलन समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें सभी ने आपसी भाईचारे और उत्साह के साथ एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं। महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में यह आयोजन एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सफल रहा।
