बिजनौर: जनपद बिजनौर के किरतपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक शादी समारोह उस समय विवाद में घिर गया, जब खुद को दूल्हे की लिव-इन पार्टनर बताने वाली एक युवती अचानक बैंक्वेट हॉल पहुंच गई और दूल्हे पर गंभीर आरोप लगाने लगी। युवती के हंगामे के बाद शादी का माहौल पूरी तरह बदल गया और आखिरकार वधू पक्ष ने शादी से साफ इनकार कर दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
बैंक्वेट हॉल पहुंचकर युवती ने किया हंगामा
जानकारी के अनुसार, किरतपुर क्षेत्र के एक बैंक्वेट हॉल में शादी का कार्यक्रम चल रहा था। बारात आ चुकी थी और शादी की रस्में शुरू होने ही वाली थीं। इसी दौरान नोएडा से आई एक युवती वहां पहुंच गई और दूल्हे पर आरोप लगाने लगी कि वह पिछले दो साल से उसे शादी का झांसा देकर साथ रखे हुए था। युवती ने दावा किया कि वह दूल्हे के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी और दूल्हे ने उससे शादी करने का वादा किया था। युवती के अचानक पहुंचने और आरोप लगाने से शादी समारोह में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस भी हुई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
दो साल से शादी का वादा करने का आरोप
युवती का आरोप है कि दूल्हे ने उससे लंबे समय तक संबंध बनाए रखे और बार-बार शादी का आश्वासन देता रहा। लेकिन अब वह किसी और लड़की से शादी करने पहुंच गया। युवती ने कहा कि जब उसे इस शादी की जानकारी मिली तो वह तुरंत बैंक्वेट हॉल पहुंच गई और सच्चाई सामने रखी। सूत्रों के अनुसार, युवती नोएडा में ब्यूटी पार्लर चलाती है और वह दो बच्चों की मां भी बताई जा रही है। युवती के इन आरोपों के बाद शादी समारोह में मौजूद लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
पुलिस को बुलाना पड़ा मौके पर
हंगामा बढ़ता देख किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही किरतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों को शांत कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। कुछ देर बाद युवती वहां से चली गई, लेकिन इस पूरे घटनाक्रम के बाद वधू पक्ष ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। जिसके चलते शादी की सभी तैयारियां धरी की धरी रह गईं और कार्यक्रम रुक गया।
दूल्हा मेडिकल की पढ़ाई कर चुका है
बताया जा रहा है कि दूल्हा नोएडा के एक मेडिकल कॉलेज से बीयूएमएस की पढ़ाई कर चुका है। पढ़ाई के दौरान ही उसकी मुलाकात उक्त युवती से हुई थी और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गई थीं। इसी संबंध को लेकर अब विवाद सामने आया है।
पुलिस ने कहा-तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई
इस मामले में किरतपुर थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि फिलहाल शादी रुकवा दी गई है। दोनों पक्षों को समझाया गया है और शांति व्यवस्था बनाए रखी गई है। उन्होंने कहा कि अगर युवती की ओर से लिखित शिकायत दी जाती है, तो मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग इस पूरे मामले को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
