बरेली : यूपी के बरेली देहात के शाही थाना क्षेत्र के सेवा ज्वालापुर गांव में शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। वॉलीबॉल मैच खत्म होने के बाद हैलोजन लाइट का बिजली तार हटाते समय 21 वर्षीय युवक करंट की चपेट में आ गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।इस घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार में कोहराम मच गया।
मैच खत्म होने के बाद हुआ हादसा
ग्रामीणों के अनुसार गांव के बाहरी हिस्से में मंदिर के पास एक मैदान है। यहां रोज रात में गांव के युवक वॉलीबॉल खेलते हैं। मैदान में रोशनी के लिए खंभे पर हैलोजन लाइट और नेट लगाकर अस्थायी व्यवस्था की गई थी। शुक्रवार रात भी युवक मैच खेलने के लिए वहां इकट्ठा हुए थे।मैच खत्म होने के बाद रात करीब 10 बजे खिलाड़ी लाइट बंद करने और तार हटाने लगे। इसी दौरान 21 वर्षीय दुर्गा प्रसाद कूड़ेदान पर खड़े होकर खंभे से डाला गया बिजली का तार हटाने लगा। अचानक तार उसके हाथ से छू गया और उसे तेज करंट लग गया।
करंट लगते ही जमीन पर गिरा युवक
करंट का जोरदार झटका लगने से दुर्गा प्रसाद तुरंत जमीन पर गिर पड़ा। साथियों ने उसे तुरंत उठाकर पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बरेली रेफर कर दिया। परिजन और साथी युवक को आनन-फानन में बरेली के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन देर रात डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अवैध बिजली कनेक्शन से लगाया गया था हैलोजन
ग्रामीणों का कहना है कि मैदान में रोशनी के लिए खंभे से अवैध रूप से बिजली का तार डालकर हैलोजन लाइट लगाई गई थी। मैच के बाद उसी तार को हटाते समय यह हादसा हो गया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। गांव के लोगों का कहना है कि दुर्गा प्रसाद मिलनसार स्वभाव का था, और खेलकूद में हमेशा आगे रहता था। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
