बरेली : यूपी के बरेली देहात के भमोरा थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक प्रेम कहानी सामने आई है। यहां शादी न हो पाने के कारण पहले प्रेमी ने फांसी लगाकर जान दे दी और बाद में जहर खाने वाली प्रेमिका की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा फैल गया है।
प्रेम संबंध बना त्रासदी की वजह
जानकारी के मुताबिक, भमोरा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 22 वर्षीय युवक कृष्णपाल का शव मंगलवार सुबह खेत में पेड़ से लटका मिला था। ग्रामीणों ने शव की पहचान कृष्णपाल के रूप में की। पुलिस को शुरुआती जांच में पता चला कि मामला प्रेम संबंध से जुड़ा हुआ है।ग्रामीणों के अनुसार, कृष्णपाल और गांव की ही एक युवती कई वर्षों से एक-दूसरे से प्रेम करते थे और शादी करना चाहते थे। दोनों एक ही बिरादरी से थे, लेकिन युवती के परिजन इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे।
शादी न होने से अवसाद में थे दोनों
बताया जा रहा है कि परिवार की असहमति के कारण दोनों काफी समय से मानसिक तनाव में थे। चर्चा है कि तीन दिन पहले दोनों ने साथ जान देने का फैसला किया था, लेकिन युवक उस समय हिम्मत नहीं जुटा पाया। इसी दौरान युवती ने रविवार को जहर खा लिया, जब इसकी जानकारी कृष्णपाल को मिली तो वह बेहद आहत हो गया और मंगलवार सुबह खेत में पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
इलाज के दौरान प्रेमिका ने भी तोड़ा दम
जहर खाने के बाद युवती को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद बुधवार शाम इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवती के परिजनों ने इस मामले की सूचना पुलिस को नहीं दी और चुपचाप उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
पुलिस को ग्रामीणों से मिली जानकारी
भमोरा थाना प्रभारी सनी चौधरी ने मीडिया को बताया कि युवक के शव मिलने के बाद पुलिस ने परिवार और ग्रामीणों से बातचीत की। इसके बाद प्रेम संबंध की बात सामने आई।हालांकि, युवती की मौत की सूचना पुलिस को आधिकारिक रूप से नहीं दी गई थी।
गांव में पसरा मातम
इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। होली के बाद जहां लोगों के घरों में खुशियों का माहौल होना चाहिए था, वहीं अब दो युवाओं की मौत ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है।
