होली पर सपा प्रमुख का बड़ा बयान- समाजवादी कभी युद्ध के पक्ष में नहीं, दुनिया बदल रही है, युद्ध नहीं रुक रहे”
इटावा/लखनऊ : होली के अवसर पर सैफई और इटावा में आयोजित कार्यक्रमों में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रंगों के पर्व को एकता का संदेश देने वाला बताया और वैश्विक हालातों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा, “हमने और आपने धरती पर कहीं नहीं देखा होग, जैसा रंगों का त्योहार भारत में मनाया जाता है। ये भारत का त्योहार हमें एक करता है और हमें बहुरंगी रहने का संदेश देता है।”
“समाजवादी विचारधारा कभी युद्ध के पक्ष में नहीं”

इटावा में होली मिलन समारोह को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने स्पष्ट कहा कि समाजवादी पार्टी और उसकी विचारधारा कभी भी युद्ध के पक्ष में नहीं रही है। उन्होंने कहा, “कहीं भी युद्ध हो, हम उसके खिलाफ हैं। युद्ध नहीं होना चाहिए। आज जमीन की लड़ाई से पहले तकनीक से लड़ाई लड़ी जा रही है। मिसाइलें चल रही हैं, बम गिर रहे हैं और पूरी दुनिया की जानकारी हमें तुरंत मिल जाती है।” उन्होंने बिना किसी देश का नाम लिए वैश्विक संघर्षों का जिक्र किया और कहा कि कई जगह युद्ध अब भी जारी हैं, जिनमें लाखों लोगों की जान जा चुकी है।
चंबल का जिक्र, अपहरण पर तंज

अपने संबोधन में उन्होंने 1980 के दशक के चंबल क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय अपहरण की घटनाएं सुर्खियों में रहती थीं, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं। उन्होंने कहा, “दुनिया ने हाल में देखा कि एक ताकतवर देश ने दूसरे देश के राष्ट्रपति का अपहरण कर लिया।” उनके इस बयान को लेकर सियासी हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
वैश्विक हालातों पर जताई चिंता
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने कहा कि आज दुनिया ऐसे दौर से गुजर रही है, जहां हर घटना की जानकारी तुरंत मिल जाती है, लेकिन युद्ध रुक नहीं रहे। उन्होंने एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि एक देश के राष्ट्रपति मीटिंग में बैठे थे और अचानक बम हमले में सबकुछ खत्म हो गया। उन्होंने कहा कि ऐसे संघर्षों का असर दुनिया भर के लोगों पर पड़ता है, जिसमें भारत के नागरिक भी प्रभावित होते हैं।
