वाराणसी/मथुरा : उत्तर प्रदेश इन दिनों होली के रंग में पूरी तरह रंगा नजर आ रहा है। मथुरा, वाराणसी, अयोध्या समेत प्रदेश के कोने-कोने में उल्लास, उमंग और रंगों की बौछार देखने को मिल रही है। गलियों से लेकर चौक-चौराहों तक लोग होली की मस्ती में डूबे नजर आ रहे हैं। जगह-जगह सांस्कृतिक आयोजन हो रहे हैं, ढोल-नगाड़ों की थाप पर लोग झूम रहे हैं और अबीर-गुलाल से पूरा माहौल रंगीन हो गया है।
उधर, फागुन की मस्ती में सराबोर काशी ने बुधवार को अपने पारंपरिक अंदाज में होली मनाई। रंगभरी एकादशी से शुरू हुआ रंगोत्सव आज और भी अधिक उल्लासपूर्ण हो गया। घरों से लेकर मंदिरों तक अबीर-गुलाल उड़ता दिखा। बुधवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में रंग, रस और राग का अद्भुत संगम देखने को मिला।
सुबह से ही श्रद्धालु मैदागिन से ढोल-मंजीरे बजाते हुए मंदिर पहुंचे और बाबा विश्वनाथ के साथ होली खेली। श्रद्धालुओं ने भजन और पारंपरिक होली गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना दिया। मंदिर परिसर में टेसू यानी पलाश के फूलों से बने प्राकृतिक रंगों से होली खेली गई, जो काशी की होली की एक खास पहचान है। काशी में होली बरात निकालने की भी परंपरा है, जिसमें बाबा अड़भंगी स्वरूप में घोड़े पर सवार होकर नगर भ्रमण करते हैं। खासकर युवाओं की टोलियां बरात के साथ भांग, ठंडई और गुलाल में सराबोर नजर आईं।
वहीं शाहजहांपुर में भी होली का रंग चढ़ा रहा। यहां बुधवार को छोटे और बड़े लाट साहब की परंपरागत सवारी निकाली गई। सुबह करीब नौ बजे बड़े लाट साहब का जुलूस कूंचालाला से पैदल रवाना हुआ। चौकसीनाथ मंदिर में माथा टेकने के बाद उन्हें सराफा बाजार में भैंसागाड़ी पर सवार कराया गया। अर्द्धसैनिक बल की सुरक्षा के बीच लाट साहब का स्वागत जूते-चप्पल और झाड़ू से करने की परंपरा निभाई गई। रंग-गुलाल की फुहारों के बीच सवारी चौक कोतवाली पहुंची, जहां परंपरागत तरीके से सलामी और नजराना पेश किया गया।
इधर, प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर परिसर में आम लोगों के साथ होली मनाई। इस मौके पर सीएम योगी ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि होली हमारी सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है, जिसे हमारे पूर्वजों ने सहेजकर हमें सौंपा है और आज की पीढ़ी उसी ऊर्जा के साथ आगे बढ़ा रही है। सीएम योगी ने कहा कि यदि कहीं मतभेद हैं तो उन्हें सुलझाकर समाज में समरसता बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरा देश आज आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
