बरेली : यूपी के बरेली देहात के फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र में होली की खरीदारी कर घर लौट रहे एक परिवार के साथ दबंगई और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि नशे में धुत युवकों ने टेंपो रोककर महिलाओं को जबरन रंग लगाया, और विरोध करने पर परिवार के लोगों से मारपीट की।पीड़ित पक्ष ने तोड़फोड़, लूटपाट और फायरिंग के भी गंभीर आरोप लगाए हैं।
जबरन रंग लगाने से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र के एक गांव का परिवार।रविवार रात करीब आठ बजे टेंपो से घर लौट रहा था। गांव के पास कुछ युवक डीजे पर नाच रहे थे। आरोप है कि उन्होंने टेंपो रुकवाया और उसमें बैठी महिलाओं को जबरन रंग लगाने लगे। परिवार के एक युवक ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे और अन्य सदस्यों को टेंपो से बाहर खींच लिया।
मारपीट, छेड़छाड़ और लूट के आरोप
पीड़ित परिवार का कहना है कि महिलाओं से छेड़छाड़ की गई और सभी के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। इस दौरान टेंपो में तोड़फोड़ की गई और महिलाओं की चेन व कुंडल लूट लिए गए। जब परिवार के अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने छत पर चढ़कर फायरिंग और पथराव किया। किसी तरह जान बचाकर परिवार वहां से निकला। मारपीट में एक महिला समेत कई लोग घायल हुए हैं।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी फरार हो चुके थे। पीड़ित पक्ष ने 14 नामजद और करीब 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। फतेहगंज पूर्वी इंस्पेक्टर ने मीडिया को बताया कि मामले की जांच की जा रही है, तो वहीं, सीओ फरीदपुर संदीप सिंह के अनुसार, महिलाओं को जबरन रंग लगाने को लेकर विवाद हुआ था। अन्य आरोपों की भी जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
